ग्राउंड रिपोर्ट टिहरी सीट: देहरादून में पलटन बाजार के व्यापारियों की क्या है राय,किन मुद्दों पर करेंगे वोट
उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में सभी सियासी दलों ने प्रचार के लिए जोर लगाना शुरू कर दिया है। टिहरी लोकसभा सीट पर जनता की क्या राय है और इस बार चुनाव में जनता किन मुद्दों पर वोट करने जा रही है। इसको लेकर वन इंडिया की टीम ने देहरादून के पलटन बाजार में लोगों से बातचीत की। इस दौरान टीम ने पलटन बाजार के व्यापारियों की राय भी ली।

देहरादून के पलटन बाजार में रविवार के दिन भारी भीड़ है। दोपहर के समय भी लोग जमकर खरीददारी कर रहे हैं। चुनाव को लेकर लोगों में उत्साह तो है। लेकिन प्रचार प्रसार का ज्यादा असर नजर नहीं आया। इस बीच टीम ने दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के महासचिव पंकज डीडान से चुनाव को लेकर बात की।
Recommended Video
पंकज डीडान का कहना है कि उत्तराखंड की टिहरी ही नहीं पांचों लोकसभा सीटें भाजपा जीत रही हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बीते पांच सालों में बहुत विकास किया है। जनता विकास के नाम पर वोट करेगी। डीडान ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने सुझाव पत्र में व्यापारियों की राय भी ली है। जिसको आने वाले कार्यकाल में सरकार पूरा करेगी।
मोहित भटनागर का कहना है कि हम वोट मोदी जी को देखकर करेंगे। भले ही प्रत्याशी खराब हो। उनका मानना है कि राम मंदिर का मुद्दा भाजपा को फिर से सत्ता में लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा समाज को बांटने का काम किया है।
कर्जन रोड निवासी अनिल कुमार गोयल ने कहा कि जरूरी है कि सभी के बीच एकता बनी रहे। उनका कहना है कि हर बार चुनाव में पार्टी वादा तो करती है लेकिन निभाना भी चाहिए। मोदी सरकार के दस साल के कार्यकाल पर उनका कहना है कि थोड़ा बहुत सरकार ने काम किया है।
अनिल गोयल का कहना है कि कांग्रेस एक विपक्ष की तरह अब दम नहीं रह गया। उनका दावा है कि मोदी की गारंटी की वजह से 400 पार होना तय है। जगदीश कुमार का कहना है कि वोट देने का हमारा अधिकार है। वो हम देने जरूर जाएंगे। वोट देने से पहले प्रत्याशी की छवि देखेंगे। मोदी पर उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि इस बार भी मोदी आएं। साथ ही कहा कि इतना करने के बाद भी मोदी ने अपने लिए कुछ नहीं बनाया बस देश के लिए कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications