Good News: मानसून में भी केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को मिलेगी हेली सेवा की सुविधा
मानसून में भी केदारनाथ में जारी रहेगी हेली सर्विस
देहरादून, 29 जून। हेली सेवा से केदारनाथ जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। तीर्थयात्री मानसून में भी हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ धाम की यात्रा कर सकेंगे। 30 जून के बाद केदारनाथ धाम में हिमालयन कंपनी की ओर से श्रद्धालुओं को हेली सेवाएं दी जाएंगी। जबकि 05 जुलाई तक आर्यन एविएशन की ओर से केदारनाथ धाम में हेली सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

पहले मानसून में बंद रहती थी सेवा
सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर ने कहा कि इससे पहले हेली कंपनियों की ओर से मानसून के दौरान केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा बंद कर दी जाती थी। ऐसे में यह एक सकारात्मक कदम हैं कि बरसात के दिनों में भी तीर्थयात्रियों को हेली सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसका सीधा लाभ बरसात के मौसम में केदारनाथ धाम आने वाले तीर्थयात्रियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हेली सेवा के लिए आवश्यक मानकों का पालन करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
3 जगह से दी जा रही है सुविधा
केदारनाथ धाम जाने के लिए तीर्थयात्रियों को रुदप्रयाग जिले के गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से हेली सेवा की सुविधा दी जाती है। यहां नौ कंपनियों के माध्यम से हेली सेवा संचालित की जाती है। पहली बार इस साल मानसून में भी श्रद्धालुओं को हेली सेवा उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है। हिमालयन कंपनी की ओर से मानसून के दौरान उड़ान भरने के लिए मौसम अनुकूल रहने की दशा में एक दिन में 30-40 शटल संचालित की जाएंगी। इसमें प्रतिदिन करीब 200 से 250 तीर्थयात्री लाभान्वित होंगे।












Click it and Unblock the Notifications