Election 2024: गढ़वाल सीट बन गई हॉट सीट, भाजपा ने उतारे स्टार प्रचारकों की फौज, जानिए इसके सियासी मायने
उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है। जिसके लिए सभी सियासी दलों ने पूरा जोर लगा दिया है। अब चुनाव अंतिम दौर में पहुंचने वाला है। इसके लिए भाजपा, कांग्रेस स्टार प्रचारकों को भी मैदान में उतार चुकी है।

जिस सीट पर सबसे ज्यादा स्टार प्रचारकों की फौज उतरने वाली है। वह सीट है गढ़वाल सीट।यहां पीएम मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत सभी बड़े चेहरे उतारे जा रहे हैं।
गढ़वाल सीट से भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी के सामने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल मैदान में है। इस सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। भाजपा ने इस सीट पर सबसे ज्यादा फोकस करना शुरू कर दिया है। 11 अप्रैल को पीएम मोदी ऋषिकेश में एक जनसभा करने जा रहे हैं। पहले पीएम मोदी की रैली हरिद्वार में प्रस्तावित थी, लेकिन फिर गढ़वाल को कवर करने के लिए ऋषिकेश में फाइनल हुई।
ऋषिकेश विधानसभा का कुछ हिस्सा गढ़वाल सीट पर आता है। इसके बाद 11 अप्रैल को बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल भी श्रीनगर में युवाओं के साथ जनसंवाद करते हुए नजर आएंगे। 12 अप्रैल को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गौचर में अनिल बलूनी के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
बलूनी के नामाकंन रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी रैली को संबोधित कर चुकी है। गढ़वाल सीट के श्रीनगर में 14 अप्रैल को एनआईटी ग्राउंड में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी जनसभा को सम्बोधित करेंगे। 16 अप्रैल को गृहमंत्री अमित शाह कोटद्वार में चुनावी जनसभा करेंगे।
इस तरह भाजपा ने अपने सारे बड़े स्टार प्रचारकों को गढ़वाल सीट पर एक साथ उतारने की रणनीति बनाई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि गढ़वाल सीट पर कांग्रेस के गणेश गोदियाल मजबूती से भाजपा का सामना कर रहे हैं। जिसका फायदा कांग्रेस को होता हुआ नजर आ रहा है। ऐसे में भाजपा किसी तरह का रिस्क नहीं उठाना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications