Dehradun news बारिश का तांडव, कई लापता, एक छात्र का मिला शव, 200 छात्रों समेत 300 लोगों का किया रेस्क्यू
Dehradun weather cloud burst news: उत्तराखंड में इस बार मानूसन ने जमकर कहर बरपा है। इस बार देहरादून में बारिश का तांडव देखने को मिला। सहस्त्रधारा, प्रेमनगर, गढ़ी कैंट समेत कई इलाकों में बारिश ने जमकर नुकसान पहुंचाया है। सहस्त्रधारा में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है।
देहरादून के कार्लीगाड़ में बादल फटने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। आपदा से कई लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन समेत सभी एजेंसियां लोगों को रेस्क्यू करने में जुटी है। एसडीआरएफ ने 200 स्टूडेंट्स समेत 300 लोगों का अब तक रेस्क्यू कर लिया है।

देहरादून के देवभूमि इंस्टिट्यूट पौंधा में फंसे 200 छात्र-छात्राओं का एसडीआरएफ ने रेस्क्यू किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिवृष्टि के कारण पौंधा स्थित देवभूमि इंस्टिट्यूट परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें लगभग 200 छात्र-छात्राएं फंसे होने की सूचना SDRF को प्राप्त हुई।
सूचना पर SDRF वाहिनी मुख्यालय, देहरादून से एक रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल हेतु रवाना की गई। टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर त्वरित रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया। जलभराव के बीच टीम ने अत्यंत सूझबूझ एवं तत्परता से कार्य करते हुए सभी 200 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
दीवार गिरने के कारण एक छात्र बह गया
देहरादून में सिटी कंट्रोल रूम देहरादून द्वारा एसडीआरएफ टीम को सूचना प्राप्त हुई कि DIT कॉलेज के पास ग्रीन वैली PG की एक दीवार गिरने के कारण एक छात्र बह गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
छात्र की मौके पर ही मृत्यु
एसडीआरएफ टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर पाया गया कि उक्त छात्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। टीम द्वारा उक्त छात्र के शव को बरामद कर बाहर अग्रिम कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। मृतक की पहचान कैफ पुत्र अफजाल उम्र 20 वर्ष,निवासी ग्राम सरावनी बाबूगढ़ हापुड़ छावनी। हाल पता ग्रीन वैली कॉलोनी के रूप में हुई है।
कई लोग अपने घरों में फँस गए
देहरादून के कार्लीगाड़ में बादल फटने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। जहां कई लोग फंसे रहे। 100 लोगों को रात में ही रेस्क्यू कर लिया गया था। एसडीआरएफ को सूचना मिली कि देहरादून क्षेत्र में बादल फटने से मार्ग बाधित हो गया, जिसके कारण कई लोग अपने घरों में फँस गए। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए SDRF पोस्ट सहस्त्रधारा से रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों सहित घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
60-70 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया
टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर अस्थायी पुल एवं रस्सियों की मदद से गधेरा पार करने हेतु सुरक्षित मार्ग तैयार किया गया। इस राहत एवं बचाव कार्य के माध्यम से लगभग 60-70 लोगों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया गया।
सहसपुर के पास तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
सहसपुर के पास भारी बारिश जलभराव की सूचना पर SDRF पोस्ट डाकपत्थर से टीम सहसपुर पहुँची। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। जिनमें नसीम (27), सलीम (35), जुबैर खान (35) शामिल हैं।
बचाव एवं राहत कार्य कर रही SDRF
देहरादून व आसपास के क्षेत्रों में हुई अतिवृष्टि एवं बादल फटने की घटनाओं के दृष्टिगत SDRF द्वारा विभिन्न स्थानों पर त्वरित रेस्क्यू कार्यवाही की गई। सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने SDRF की ओर से अब तक संपन्न हुए रेस्क्यू कार्यों एवं वर्तमान में चल रही कार्यवाहियों की जानकारी मीडिया के समक्ष साझा की। उन्होंने बताया कि SDRF टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर बचाव एवं राहत कार्य कर रही हैं। SDRF द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या SDRF को सूचित करें।












Click it and Unblock the Notifications