आस्था के महाकुंभ में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, झण्डा साहिब के आरोहण के साथ शुरू हुआ ऐतिहासिक झण्डे जी मेला
गुरु राम राय महाराज व महंत देवेन्द्र दास महाराज के जयकारों के साथ बुधवार को झण्डा साहिब का आरोहण किया गया। आस्था के महाकुंभ का साक्षी बनने के लिए दरबार साहिब में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। लाखों संगतें व दूनवासी झण्डे जी के सम्मुख श्रद्धा के साथ शीश नवाए व हाथ जोड़े खड़े रहे।
हर कोई झण्डा साहिब के समक्ष मत्था टेकने और गुरु राम राय महाराज के दर्शन को श्रद्धापूर्वक भावविभोर रहा। बुधवार शाम 3ः50 मिनट पर दरबार साहिब देहरादून के सज्जादे गद्दी नशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज ने आरोहण की प्रक्रिया शुरू करने का संदेश दिया। 4 बजकर 19 मिनट पर झण्डे का आरोहण पूर्णं हुआ। इसी के साथ देहरादून के ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत झण्डे जी मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया।

सुबह 7ः00 बजे से ही विशेष पूजा अर्चना शुरू हो गई थी। सुबह 8ः30 बजे झण्डे जी को उतारा गया व पूजा अर्चना की गई। झण्डे जी (पवित्र ध्वज दण्ड) को संगतों ने सुबह दूध, घी, शहद, गंगाजल व पंचगब्यों से स्नान करवाया। 90 फीट ऊंचे झण्डे जी पर पहले सादे और शनील के गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई।
दोपहर करीब 01ः30 बजे झण्डे जी पर दर्शनी गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई। बुधवार शाम 4 बजकर 10 मिनट पर नए मखमली वस्त्र और सुनहरे गोटों से सुसज्जित झण्डे जी के आरोहण की प्रक्रिया आरंभ हुई। इसी दौरान एक बाज ने झण्डे जी की बुधवार परिक्रमा की। झण्डे जी के आरोहण के बाद दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज ने सभी देश व प्रदेशवासियों सहित संगतों को झण्डा महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
झण्डे जी पर शीश नवाने के लिए देश-विदेश से संगतें पहुंची हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आई संगतों ने श्री झण्डे जी पर शीश नवाया। विदेशों से आई संगतें भी झण्डे जी आरोहण की साक्षी बनी।
दरबार साहिब में श्रद्धालु भजन-कीर्तन के साथ ही गुरु महिमा का गुणगान करते रहे। श्रद्धालुओं ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया। श्रद्धालुओं ने दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर में डुबकी लगाई। सुबह से ही श्रद्धालु यहां स्नान कर रहे थे। दोपहर बाद में सरोवर के चारो तरफ संगतों के जुटने से यहां का नजारा भी दर्शनीय लग रहा था। साथ ही बच्चों ने भी सरोवर के स्नान का आनन्द उठाया।












Click it and Unblock the Notifications