देहरादून में कुटटू के आटे से 300 से ज्यादा लोग बीमार, सहारनपुर से आया मिलावटी, तीन गिरफ्तार, एक अब भी फरार
देहरादून में कुटटू के आटे से 300 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। इनमें से 227 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। सीएम धामी के सख्त निर्देश के बाद दून पुलिस ने इस मामले में सहारनपुर से दो लोग और देहरादून से एक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ है कि मिलावटी आटा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से सप्लाई की गई थी। जिस चक्की में ये आटा पिसा गया था, उसका मालिक पकड़ से बाहर है। देहरादून में कुटटू के आटे से लोगो के बीमार होने की खबर सामने आते ही हड़कंप मचा रहा।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में तुरंत अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस भी एक्शन में आई। सरकार की और से घटना के लिये जिम्मेदार व्यक्तियों के विरूद्व सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। पीडित व्यक्तियों से प्रारम्भिक पूछताछ में उनके द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग दुकानों से कुटटू का आटा खरीदा जाना बताया गया।
जिस पर पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा सम्बन्धित दुकान स्वामियों सहित कुटटू का आटे के सम्बंध में जानकारी करने पर उनके द्वारा सहारनपुर से कुटटू के आने और आटे के सहारनपुर, उत्तरप्रदेश में विकास गोयल की चक्की में पीसे जाने की जानकारी दी गई। आटे का देहरादून में मुख्य सप्लायर लक्ष्मी ट्रेडिंग, संगम विहार भोजावाला रोड, निकट आर्मी कैन्टीन विकासनगर होने की जानकारी दी गई।
घटना के सम्बंध में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से तहरीर के आधार पर शीशपाल चौहान( लक्ष्मी ट्रेडिंग, संगम विहार भोजावाला रोड, विकासनगर, विकास गोयल(चक्की मालिक जामा मस्जिद के पास, कोतवाली शहर सहारनपुर, मैसर्स गोविन्द सहाय शंकर लाल, बसंत विहार देहरादून के विरूद्व केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए लक्ष्मी ट्रेडिंग के मालिक के सम्बंध में जानकारी प्राप्त कर उनके द्वारा अपमिश्रित आटे को जिन दुकानों में विक्रय किया गया था, उन सभी दुकानों के सम्बंध में जानकारियां एकत्रित की गई, साथ ही लक्ष्मी ट्रैडिंग के मेहुवाला स्थित मुख्य गोदाम को खाद्य विभाग की टीम के साथ मिलकर सीज किया गया।
विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुटटू के आटे की सप्लाई की गई 30 दुकानों को चिन्हित कर वहां से अपमिश्रित कुटटू के आटे को जब्त किया गया और विक्रय को रोका गया व अपमिश्रित आटे को नष्टीकरण की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि गोविन्द सहाय शंकर लाल के मालिक दीपक मित्तल तथा नलनीश मित्तल द्वारा कुटटू को शीशपाल चौहान को साबूत बेचा गया था, जिसके द्वारा कुटटू के आटे को सहारनपुर निवासी विकास गोयल की चक्की में पीसवाकर देहरादून लाया गया और अन्य दुकानदारों को विक्रय किया गया था।
जिस पर पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा अभियुक्तों के सम्बंध में जानकारी प्राप्त कर उन्हें पूछताछ हेतु हिरासत में लिया गया, जिनसे बाद पूछताछ पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। आटा क्रय करने वाले दुकान स्वामियों से पूछताछ में उनके द्वारा उक्त आटे के अपमिश्रित होने की जानकारी न होना और उनमें से कुछ विक्रेताओं के परिजनों का भी उक्त आटे के सेवन के बाद स्वास्थ खराब होने की जानकारी प्राप्त हुई है।
नाम/पता गिरफ्तार अभियुक्त
- शिशुपाल सिंह चौहान, संगम विहार विकासनगर!
- दीपक मित्तल, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
- नलनीश मित्तल सहारनपुर, उत्तरप्रदेश।
वांछित अभियुक्त
विकास गोयल, निवासी जामा मस्जिद के पास, कोतवाली शहर सहारनपुर(चक्की मालिक)












Click it and Unblock the Notifications