Char dham yatra 2025: मानसून की बारिश थमी, यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, आंकड़ा 45 लाख पार, केदारनाथ में सबसे ज्यादा
Char dham yatra 2025: उत्तराखंड में मानसून की बारिश कम होते ही चार धाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 45 लाख पार हो गया है। एक दिन में चारधाम के अलावा हेमकुंड साहिब में 13 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं।
बीते कुछ दिनों से प्रदेश भर में बारिश का सिलसिला रुका हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में अब मौसम शुष्क रहेगा। माना जा रहा है कि प्रदेश भर से मानसून की विदाई हो गई है। ऐसे में यह समय चार धाम यात्रा के लिए सबसे अनुकुल माना जाता है।

दीवाली के आसपास चारों धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस बार 30 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हुआ था। दो मई को केदारनाथ व चार मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुले थे।
अगस्त माह में आई आपदा ने यात्रा पर करीब एक माह तक ब्रेक लगा दिया। खासकर गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा पूरी तरह से बंद रही लेकिन अब स्थिति सामान्य होते ही यात्रा फिर रफ्तार पकड़ने लगी है।
श्रद्धालु अब चार धाम यात्रा पर आने लगे हैं। चारधाम यात्रा में अब तक 45.25 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। जबकि पिछले साल 46 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। बता दें कि अभी करीब एक माह की यात्रा बची हुई है।
चारधाम यात्रा करने के लिए श्रद्धालुओं का पंजीकरण अनिवार्य है। पर्यटन विभाग ने ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा दी है। पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को हरिद्वार, ऋषिकेश, हरबर्टपुर केंद्रों में 1480 श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया गया।
केदारनाथ में अब तक सबसे ज्यादा 15,73,796 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। जबकि बदरीनाथ में 13,93,317, गंगोत्री में 6,95,113, यमुनोत्री 5,99,507 और हेमकुंड साहिब में 2,63,873 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications