Uttarakhand: गंगोत्री धाम से लौट रही बस खाई में गिरी, 7 की मौत, 27 घायल
उत्तराखंड के गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां यात्रियों से भरी बस खाई में गिर गई। इस घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिनको तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जानकारी के मुताबिक बस गंगोत्री से उत्तरकाशी की ओर आ रही थी, तभी गंगनानी के पास वो अनियंत्रित हो गई। इसके बाद वो खाई में जा गिरी। घटना के वक्त बस में 35 लोग सवार थे, जिसमें से 27 घायल हुए हैं।

वहीं घटना की खबर मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। साथ ही घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनको हायर सेंटर रेफर किया गया है।
Recommended Video
मामले में जानकारी देते हुए उत्तरकाशी के मुख्य विकास अधिकारी गौरव ने बताया कि बस गंगोत्री से 35 लोगों को लेकर जा रही थी। जब वो खाई में गिरी तो 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोगों को बचाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDRF की टीम को भी बुला लिया गया था। वो सर्च ऑपरेशन चला रही है।
बस के उड़े परखच्चे
खाई इतनी गहरी थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। इसके अलावा रेस्क्यू टीम को भी लोगों को निकालने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उत्तरकाशी पुलिस ने भी मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
सीएम ने जताया दुख
वहीं उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि गंगोत्री से उत्तरकाशी जा रही बस के गंगनानी में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ है। प्रशासन को त्वरित रूप से राहत और बचाव कार्य संचालित करने एवं घायलों के उपचार के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया है।












Click it and Unblock the Notifications