निकाय चुनाव में BJP ने जारी किया संकल्प पत्र 'विकास की गारंटी', जानिए देहरादून नगर निगम के लिए क्या किए वायदे
Dehradun Municipal Corporation election news: उत्तराखंड में भाजपा ने निकाय चुनाव में देहरादून समेत प्रदेश के सभी 11 निगमों के लिए संकल्प पत्र विकास की गारंटी जारी किया है। देहरादून में संकल्प पत्र का विमोचन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में किया।
Recommended Video
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पार्टी के विकासात्मक दृष्टिकोण और आगामी पांच वर्षों के लिए निर्धारित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह संकल्प पत्र न केवल शहरी विकास के प्रति ट्रिपल इंजन सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है, बल्कि आने वाले पांच वर्षों के लिए भाजपा की एक ठोस और भरोसेमंद गारंटी भी है।

धामी ने कहा कि यह संकल्प पत्र हमारे नेतृत्व और हमारी निष्ठा का प्रमाण है, जो जनता के समग्र विकास और समृद्धि की दिशा में उठाए गए प्रत्येक कदम को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस संकल्प पत्र में जिन महत्वपूर्ण और दूरगामी विषयों को शामिल किया गया है, वे निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश और देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर को सुधारने में मील का पत्थर साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के हर वर्ग, चाहे वह शहरी हो या ग्रामीण, आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है और उन्हें जीवन की उच्चतम गुणवत्ता प्रदान करना है।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारा यह संकल्प पत्र न केवल विकास योजनाओं का खाका प्रस्तुत करता है, बल्कि यह भाजपा की कार्यशैली और पारदर्शिता को भी साबित करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता सिर्फ घोषणाएं करना नहीं है, बल्कि उन घोषणाओं को वास्तविकता में बदलना है। आगामी नगर निकाय चुनावों में भाजपा के नेतृत्व में शहरों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
देहरादून के लिए जारी किए गए संकल्प पत्र में भाजपा ने घर बैठे प्रमाण पत्र, डेंगू मुक्त देहरादून, हर वार्ड ग्रीन वार्ड के तहत ओपन जिम, सार्वजनिक पार्क बनाने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक बस और नियो मेट्रो पर काम करने का वादा किया है। इसके साथ ही गड्ढा मुक्त सड़कें और साइकिल ट्रैक, पर्यटन के तहत होमस्टे, हेरिटेज सर्किटए मिनी झील का विकास, नए क्षेत्र को अतिरिक्त करों से छूट, इंटरएक्टिव बस स्टैंड, माय सिटी कनेक्ट एप जैसी सुविधाएं देने का वादा किया है।
इसके अलावा भाजपा ने मिशन सर्व आवास झुग्गी झोपड़ियों का पुर्नविकास और नियमितीकरण करने का भी संकल्प पत्र में जिक्र किया है। इसके साथ ही सीसीटीवी रियल टाइम पार्किंग और मल्टी लेवल पार्किंग की सुविधा की गारंटी दी है।
देहरादून नगर निगम के लिए भाजपा का संकल्प या गारंटी
- घर बैठे प्रमाण पत्र
- डेंगू मुक्त देहरादून
- हर वार्ड ग्रीन वार्ड के तहत ओपन जिम
- हर वार्ड में सार्वजनिक पार्क
- इलेक्ट्रॉनिक बस
- नियो मेट्रो पर काम
- गड्ढा मुक्त सड़कें और साइकिल ट्रैक
- पर्यटन के तहत होमस्टे
- हेरिटेज सर्किट
- मिनी झील का विकास
- नए क्षेत्र को अतिरिक्त करों से छूट
- इंटरएक्टिव बस स्टैंड
- माय सिटी कनेक्ट एप जैसी सुविधाएं
- मिशन सर्व आवास
- झुग्गी झोपड़ियों का पुर्नविकास और नियमितीकरण
- सीसीटीवी रियल टाइम पार्किंग और मल्टी लेवल पार्किंग की सुविधा












Click it and Unblock the Notifications