नगर निगम में हुए बवाल के बाद बढ़ी विधायक की मुश्किलें, भाजपा विधायक पर मुकदमा दर्ज, जानिए पूरा मामला
उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा विधायक मुश्किल में पड़ते हुए नजर आ रहे हैं। सल्ट से भाजपा के विधायक महेश जीना के खिलाफ देहरादून की कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। विधायक पर देहरादून नगर निगम में नगर आयुक्त गौरव कुमार और अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है।

विधायक पर बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मुकदमे में चार अन्य भी आरोपी हैं। नगर निगम चालक संघ के सचिव यशपाल सिंह की तहरीर के बाद पुलिस ने विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बता दें कि सल्ट से भाजपा विधायक महेश जीना ने मंगलवार को देहरादून नगर निगम में पहुंचे। यहां किसी परिचित के टेंडर न मिलने से नाराज होकर उन्होंने फाइल मांगी। इस दौरान पहले कर्मचारी फिर नगर आयुक्त के साथ जमकर हंगामा हुआ। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया।
आरोप है कि विधायक ने नगर आयुक्त और कर्मचारियों के साथ गाली गलौच और अभद्रता की। इस पूरे प्रकरण के बाद पूरे नगर निगम के कर्मचारी एकजुट होकर विधायक के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे और हड़ताल की चेतावनी दे डाली।
बताया जा रहा है कि नगर निगम की ओर से सहस्रधारा रोड स्थित लीगेसी वेस्ट को खत्म करने के लिए टेंडर डाले गए थे। टेक्निकल बिड में पांच कंपनियां ही पहुंच पाई थीं। इसमें तीन कंपनियों को मानक पूरा न करने पर बाहर दिया था। बताया जा रहा है, इसमें से एक कंपनी सल्ट से भाजपा विधायक महेश जीना के परिचित की थी। टेंडर निरस्त होने के बाद विधायक टेंडर निरस्त होने के कारण जानने के लिए निगम पहुंचे और जमकर बवाल किया।
इस दौरान विधायक ने हेड क्लर्क पवन थापा को जिसका टेंडर खुला है, उसकी फाइल दिखाने को कहा। हेड क्लर्क ने जब फाइल दिखाने से मना किया तो आरोप है कि विधायक ने पवन थापा के साथ गालीगलौज और बदतमीजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हेड क्लर्क जब इस बात को लेकर नगर आयुक्त कार्यालय पहुंचा तो विधायक महेश जीना भी नगर आयुक्त के कार्यालय में पहुंच गए।
आरोप है कि टेंडर को लेकर उनकी नगर आयुक्त के साथ बहस हो गई। इस दौरान आरोप है कि उन्होंने नगर आयुक्त के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। बाद में कर्मचारियों ने विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस पूरे प्रकरण से सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी नाराज बताए जा रहे हैं, दोनों ने इसकी रिपोर्ट मांगी है।
उधर विधायक महेश जीना का कहना है कि नगर निगम में अपने चेहेतों को टेंडर दिया जा रहा है। जिसका वो विरोध करने गए थे, साथ ही उन्होंने इस में अपने बेटे के किसी तरह से शामिल होने से इनकार कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications