पीएम मोदी से मिलने को उत्सुक नजर आए भाजपाई, विजय बहुगुणा और हरक सिंह में दिखी खास अटेंशन
विजय बहुगुणा और हरक सिंह पीएम से बातचीत को दिखे उत्सुक
देहरादून, 4 दिसंबर। पीएम नरेंद्र मोदी की रैली के बहाने भाजपाई शक्ति प्रदर्शन भी करते दिखे। इसके लिए भीड़ इकट्ठा करने के साथ ही मंच पर पीएम से एक मुलाकात के लिए भी भाजपाइयों में खासा उत्सकुता नजर आई। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में मंच पर जगह पाने वाले सभी दिग्गजों का नाम लिया। जिनमें महाराज, हरक सिंह और विजय बहुगुणा भी शामिल थे। हालांकि मोदी ने जब संबोधन पूरा किया तो विजय बहुगुणा और हरक सिंह पीएम से कुछ बातचीत करते हुए भी नजर आए। जिससे साफ है कि चुनाव से पहले विजय बहुगुणा और हरक सिंह भाजपा में एक बार फिर अपनी पुरानी जगह पाने को उत्सुक दिख रहे हैं।

मोदी से बातचीत से चढेगा सियासी पारा
2017 विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व सीएम विजय बहुगुणा और हरक सिंह रावत ने कांग्रेस सरकार में बगावत कर भाजपा ज्वाइन की थी। जिसके बाद 2017 में भाजपा ने प्रचंड बहुमत की सरकार आई। विजय बहुगुणा ने खुद चुनाव नहीं लड़ा लेकिन उन्होंने अपने बेटे सौरभ बहुगुणा को सितारगंज से चुनाव लड़वाया। हरक सिंह ने कोटद्वार से चुनाव जीता और सरकार में मंत्री बन गए। लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, कांग्रेस से भाजपा में आए पुराने कांग्रेसियों की तवज्जो कम होती गई। त्रिवेंद्र को हटाने के पीछे भी इन्हीं सभी चेहरों की खास भूमिका मानी जाती है। जब धामी सीएम बनें तब भी इन नेताओं में नाराजगी नजर आई। अब चुनाव नजदीक आए तो पुराने कांग्रेसियों की खासकर हरक सिंह के कांग्रेस में जाने की खबरें वायरल होने लगी। लेकिन हरक सिंह ने मोदी की रैली को लेकर खुद सामने आकर कहीं जाने की खबरों का खंडन किया। शनिवार को जब पीएम मोदी ने अपना संबोधन पूरा किया तो सबसे पहले विजय बहुगुणा पीएम मोदी से कुछ बातचीत करने की कोशिश करते दिखे। इसके बाद पीएम ने बहुगुणा पर हाथ भी रखा और बातचीत कीा फिर विजय बहुगुणा तब तक पीएम के पीछे रहे जब तक पीएम मंच से उतरे नहीं। विजय बहुगुणा के बाद पीएम हरक सिंह से भी मिले, कुछ खास तवज्जो न देखते हुए हरक सिंह पीएम मोदी से कुछ बात करने लगे। जिसके बाद पीएम आगे बढ़ गए। पीएम से मिलकर सतपाल महाराज ने भी कुछ पत्र दिया और बातचीत करते नजर आए। इस तरह 2017 चुनाव से पहले भाजपा में आए दिग्गजों में पीएम से मिलने और बातचीत करने की कोशिश उत्तराखंड की सियासत को एक बार फिर गर्मा दिया है।
विजय बहुगुणा और हरक सिंह में नजर आई बैचेनी
कांग्रेस से भाजपा में आने के बाद हरक सिंह, विजय बहुगुणा और सतपाल महाराज भाजपा में 5 साल होने के बाद भी कई मौके पर पूरी तरह से एडजस्ट नजर नहीं आते हैं। उहरक और सतपाल तो खुलकर कई बार इस बात को सार्वजनिक भी करते आ रहे हैं। विजय बहुगुणा करीब साढ़े 4 साल उत्तराखंड की राजनीति से दूर ही रहे। लेकिन जैसे ही हरक और कुछ पुराने कांग्रेसियों की कांग्रेस में वापसी की खबरें आई, विजय बहुगुणा देहरादून में एक्टिव हो गए। हरक सिंह लगातार सोशल मीडिया में कांग्रेस में जाने की खबरों से परेशान हैं। लेकिन सवाल ये उठता है कि जब हरक सिंह दावा कर रहे हैं कि वे कांग्रेस में जाने के इच्छुक नहीं हैं, तो फिर खबरें कहां से उड़ रही हैं। ऐसे में हरक की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठना लाजिमी है। इससे पहले दो बार पीएम की हरक सिंह से ऐसे ही कार्यक्रमों में मुलाकात हुई तो पीएम ने हरक सिंह को खासा तवज्जो दी, जो कि शनिवार को रैली में कम दिखी। पीएम ने बातचीत तो की लेकिन पुरानी बात नजर नहीं आई। ऐसे में एक बार फिर मोदी के साथ की तस्वीरें सियासी पारे को चढ़ाने के लिए काफी है।












Click it and Unblock the Notifications