Uttarakhand news: पूर्व विधायक को BJP ने दिया नोटिस,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को लेकर दिए बयान से चढ़ा सियासी पारा
Uttarakhand news: उत्तराखंड के खानपुर के पूर्व विधायक और भाजपा नेता कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। हर बार अपने बयानों से सुर्खियां बटोरने वाले चैंपियन को इस बार पार्टी ने नोटिस थमाया है।पूर्व विधायक चैंपियन ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को लेकर बयानबाजी की और गंभीर आरोप लगाए हैं।

जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने चैंपियन को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा में अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई बात है भी, तो पार्टी नेता उसे पार्टी फोरम पर उठा सकते हैं।
लेकिन सार्वजनिक रूप से ऐसे आरोप बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बता दें कि हाल ही में वन मंत्री सुबोध उनियाल और पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल के बीच हुए विवाद को लेकर भी भाजपा संगठन बैकफुट में आ चुका है। हालांकि इस मामले में भी संगठन ने तुरंत एक्शन लेकर दोनों को बुलाकर सख्ती से मामला निपटवाया।
पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन ने एक कार्यक्रम में आरोप लगाया कि 2022 विधानसभा चुनावों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उनके साथ भीतरघात किया था। इसी के चलते वह चुनाव हार गए थे। भाजपा नेता व खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन कहा कि 2022 के चुनाव के दौरान हरिद्वार में भाजपा के अंदर बहुत अंतर्कलह थी।
कहा कि मदन कौशिक ने संजय गुप्ता, यतीश्वरानंद और उनको चुनाव में हरवाने के लिए काम किया। चैंपियन के इस बयान के बाद से पार्टी में अंदरखाने हलचल तेज है। बता दें कि मदन कौशिक हरिद्वार सीट से भाजपा के दावेदार माने जा रहे हैं। ऐसे में मदन कौशिक पर लगाए जा रहे आरोपों से मदन कौशिक और पार्टी को नुकसान होने की आशंका है। जिस वजह से पार्टी इस मामले को गंभीरता से ले रही है।












Click it and Unblock the Notifications