Bharat jodo yatra: बद्रीनाथ में पूजा अर्चना के साथ चमोली के माणा से शुरू हुई उत्तराखंड में भारत जोड़ो यात्रा
उत्तराखंड कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा गांव माणा से शुरू
उत्तराखंड में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सोमवार को चमोली के सीमांत गांव माणा से शुरू हुई। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने इस मौके पर बदरीनाथ धाम में पूजा.अर्चना की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधानसभा के उपनेता भुवन कापड़ी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने माणा गांव पहुंकर यात्रा की शुरुआत की। कांग्रेस का कहना है कि यात्रा का पहला दिन अंकिता भंडारी को समर्पित किया गया है।

यात्रा का पहला चरण 8 नवंबर को रुद्रप्रयाग में समाप्त होगा
यात्रा के दौरान राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे राष्ट्रीय मुद्दों के साथ ही स्थानीय मुद्दे भी जनता के सामने रख रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि बदरीनाथ दर्शन के बाद यात्रा का पहला दिन अंकिता भंडारी को समर्पित किया गया है। उन्होंने हत्याकांड की जांच से पहले सबूतों को मिटाने और अभी तक केस से जुडे़ वीआईपी के नाम का खुलासा न किए जाने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार केस को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान यूकेएसएससी, पुलिस और मुक्त विवि विधानसभा भर्ती सहित अन्य घोटालों को जनता के बीच ले जाया जाएगा। सोमवार से शुरू हुई यात्रा का पहला चरण 8 नवंबर को रुद्रप्रयाग में समाप्त होगा।
14 नवंबर से 19 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा पखवाड़ा मनाया जाएगा
दूसरा चरण टिहरी में श्री देव सुमन व स्वतंत्रता सेनानी गब्बर सिंह के गांव या मूर्ति स्थल से शुरू किया जाएगा। तीसरे और चौथे चरण की यात्रा कुमाऊं मंडल में की जाएगी। हरिद्वार में गंगा आरती के साथ यात्रा का समापन होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस 14 नवंबर से 19 नवंबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्म दिवस तक भारत जोड़ो यात्रा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत ब्लाक व न्याय पंचायत स्तर तक गोष्ठियां होंगी। यात्राएं निकाली जाएंगी। इन कार्यक्रमों में भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकारों की नाकामी तथा राज्य में विभिन्न विभागों में हुए भर्ती घोटालों, खनन, शराब से संबंधित प्रकरणों, अंकिता भंडारी हत्याकांड, अग्निवीर योजना के विरोध में जन जागरण किया जाएगा। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आगाज सोमवार से तो हो गई लेकिन कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत और प्रीतम सिंह लगातार यात्रा के कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए हैं जिसको लेकर सियासी गलियारों में चर्चे हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications