Ankita Bhandari case उर्मिला सनावर की बढ़ी मुश्किलें, पुलिस कर चुकी है तीन नोटिस चस्पा, जानिए अब क्या होगा
Ankita Bhandari case अंकिता भंडारी केस को लेकर अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने ज्वालापुर और झबरेड़ा में दर्ज मुकदमों को लेकर भी उसके घर पहुंचकर दो नोटिस चस्पा कर दिए। अभी तक पुलिस की ओर से उर्मिला सनावर को तीन नोटिस चस्पा किए जा चुके हैं।
अगर एक-दो दिन में यदि उर्मिला सामने नहीं आई तो पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से वारंट भी ले सकती है। ऐसे में उर्मिला की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उर्मिला को लेकर भी पुलिस के पास कोई जानकारी नहीं है। माना जा रहा है कि अब एसटीएफ इस प्रकरण में पुख्ता जानकारी जुटा सकती है।

पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी अभिनेत्री उर्मिला सनावर के ऑडियो विवाद को लेकर सियासत गरमाई हुई है। उर्मिला ने अंकिता केस में वीआईपी को लेकर कई आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम पर आरोप लगाने के बाद शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार की ओर से बहादराबाद थाने में उर्मिला व सुरेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस केस में पुलिस उर्मिला को नोटिस जारी कर चुकी है।
अब पुलिस ने ज्वालापुर कोतवाली और झबरेड़ा थाने में दर्ज मुकदमों में भी उर्मिला को नोटिस जारी कर दिया है। गुरुवार को दो अलग-अलग टीमों ने सहारनपुर पहुंचकर उर्मिला के घर पर नोटिस चस्पा किए। बताया जा रहा है कि उर्मिला दो दिन के भीतर पुलिस के सामने नहीं आती है तो कोर्ट से गिरफ्तारी के वारंट जारी कराने की तैयारी है। जिसके बाद उर्मिला की मुश्किलें बढ़ना तय है।
बीते शनिवार को पुलिस ने सुरेश राठौर के घर पर नोटिस चस्पा किया था। इसके बावजूद राठौर थाने नहीं पहुंचे और रविवार को उनकी पत्नी रविंद्र कौर ने पहुंचकर जानकारी दी थी कि पति कहीं बाहर हैं। बुधवार को पुलिस की एक टीम सहारनपुर पहुंची, जहां अभिनेत्री उर्मिला सनावर के घर पर न मिलने पर बाहर नोटिस चस्पा कर दिया गया। उर्मिला को जल्द पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications