शीतकाल यात्रा का कहां हुआ श्रीगणेश,निगम की बसों में किसको मिलेगी निःशुल्क यात्रा की सुविधा,आज की 10 बड़ी खबरें
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने आज से चार धाम यात्रा का श्रीगणेश कर दिया है। मां यमुना के शीतकाल प्रवास खुशीमठ गांव में आज शंकराचार्य प्रवास पर हैं। इसके बाद वे चारों धामों के शीतकालीन गद्दीस्थल जाएंगे।
उधर सरकार ने राज्य के शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं और वीर माताओं को भी परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की है। सोमवार 16 दिसंबर की 10 बड़ी खबरों पर एक नजर

1-ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती '१००८' महाराज ने शीतकालीन चार धाम यात्रा का श्री गणेश किया है। यमुनोत्री धाम के शीतकालीन प्रवास खुशीमठ प्रवास से यात्रा शुरू हो गई है। जहां यमुना आरती का विशेष आयोजन हुआ है।
2-शंकराचार्य ने बताया कि 16 दिसंबर से प्रारंभ हो रही चार धाम शीतकालीन दर्शन यात्रा में देश के 10 से अधिक राज्यों के 150 से ज्यादा तीर्थ यात्री यात्रा दल में शामिल हैं। जिसमें गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड आदि राज्यों से 150 से ज्यादा महिला एवं पुरुष तीर्थ यात्री इस यात्रा में शामिल हैं। यात्रा 16 दिसंबर से प्रारंभ होकर के 22 दिसंबर को हरिद्वार में संपन्न होगी।
3-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1971 भारत- पाकिस्तान युद्ध, विजय दिवस समारोह में राज्य के शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं और वीर माताओं को भी परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की है।
4-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रेंजर्स ग्राउण्ड देहरादून में ' उत्तराखण्ड के प्रथम सोलर मेले दो दिवसीय 'सौर कौथिग' का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना और सोलर वाटर हीटर योजना के लाभार्थियों को अनुदान राशि के चेक प्रदान करने के साथ ही यूपीसीएल मुख्यालय में बनाई गई सौर ऊर्जा आधारित म्यूरल आर्ट का लोकार्पण भी किया।
5-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कांडा महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बागेश्वर जिले की 83 करोड़ की 11 योजनाओं का शिलान्यास एवं 1.80 करोड़ की योजना का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को और गति प्रदान करने के लिए अनेक घोषणाएं भी की।
6-उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड जल्द लागू करने के लिए जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक के अधिकारियों और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े लोगों को ट्रेनिंग दी जा रही है। समिति की सदस्य सुरेखा डंगवाल ने इसको लेकर कहा कि इसके लिए एक ऐप भी तैयार किया जा चुका है, ऐप का लोग कैसे इस्तेमाल करेंगे उसके लिए अधिकारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है।
7-उत्तरकाशी मस्जिद विवाद मामले में नैनीताल हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. मामले की सुनवाई के बाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की खंडपीठ ने अगली सुनवाई के लिए 24 दिसंबर की तिथि नियत की है।
8-हल्द्वानी रुद्रपुर मार्ग पर ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिसमें मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर घायल हो गया।
9-भाजपा ने निकाय चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिये हैं। पार्टी की ओर से इसकी सूची जारी कर दी गयी है। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों मे संगठन की ओर से वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तय कर दी गयी है।
10-हल्द्वानी के नया बाजार में रविवार रात को भीषण आग्निकांड हो गया। चार दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही, लेकिन आग बेकाबू होती जा रही है। मौके पर नगर निगम की जेसीबी को भी बुलाया गया है। आग लगती देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई।












Click it and Unblock the Notifications