मुस्लिम युवकों में पैठ बनाने के लिए BJP सरकार का मास्टरप्लान, संगठन के इशारे पर उठाया ये बड़ा कदम
लखनऊ, 03 सितंबर: भारतीय जनता पार्टी (BJP) मुस्लिम समुदाय तक अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए हर तरह के जतन कर रही है। यूपी में मदरसों को लेकर सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के फैसले से चौतरफा घिरी सरकार ने अब नया दांव खेला है। यूपी के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने अब मुस्लिम युवकों को रोजगार दिलाने के लिए नई पहल की है। उत्तर प्रदेश सरकार ने रोजगार मेले आयोजित करके मुस्लिम युवाओं को रोजगार के अवसर देने का फैसला किया है। बीजेपी के नेताओं की माने तो मिशन 2024 के लिए सरकार का यह अभियान पार्टी के हित में होगा।

अल्पसंख्यक मंत्री ने अपर मुख्य सचिव को लिखा पत्र
अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने रोजगार एवं श्रम विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मुस्लिम बहुल इलाकों में विशेष रोजगार मेले आयोजित करने की मांग की है ताकि अल्पसंख्यक समुदायों के बेरोजगार युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार मिल सके। मुस्लिम बहुल इलाकों में रोजगार मेलों के आयोजन की कार्ययोजना तैयार करने के लिए छह सितंबर को अधिकारियों के साथ बैठक की जायेगी। अंसारी ने कहा कि योगी सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के विकास के लिए ईमानदारी से काम कर रही है।

संगठन के इशारे पर मुस्लिम युवकों के लिए लगेंगे रोजगार के मेले
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार अब रोजगार मेलों का आयोजन करेगी और भर्ती के लिए युवाओं से सीधे जुड़ने के लिए बड़ी कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा। अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं को अच्छी शिक्षा और बेहतर रोजगार के अवसर योगी सरकार की प्राथमिकता थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय की प्रगति के लिए लगातार काम कर रही है।

सबको साथ लेकर चलने का प्रयास कर रही सरकार
सरकार के इस फैसले को लेकर यूपी बीजेपी के प्रवक्ता आनंद दुबे कहते हैं कि सरकार की यह अच्छी पहल है। इससे युवकों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। बीजेपी सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास का मंत्र लेकर आगे चलती है। सरकार मुस्लिम युवाओं को रोजगार देगी तो इससे उनका भला ही तो होगा। अब विपक्ष इसको भी राजनीतिक चश्में से देखने की कोशिश करेगा जो कि उनकी आदत है। सरकार की मंशा ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराने की है।

मुस्लिम समाज को जोड़ने में जुटी बीजेपी
बीजेपी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि सरकार का यह फैसला संगठन की सलाह पर उठाया गया है। इस अभियान के तहत मुस्लिम युवकों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। मुस्लिमों का एक वर्ग पार्टी के लिए वोट करता रहा है ऐसा पार्टी का मानना है। उनके भीतर विश्वास जगाकर इस दावे को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। बीजेपी पसमांदा मुस्लिम का समर्थन हासिल करने की पूरी कोशिश करेगी। यह वर्ग हमेशा से ही विकास की दौड़ में पिछ़ड़ा रहा है।

हैदराबाद में मोदी ने की थी पसमांदा मुसलमानों को जोड़ने की अपील
दरअसल 3 जुलाई को हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के नेताओं से मुसलमानों, विशेष रूप से पसमांदा मुसलमानों के वंचित समुदायों तक पहुंचने का आह्वान किया था। भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा गया था कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव में मुसलमानों का समर्थन हासिल करने के लिए 'स्नेह' यात्रा और अन्य गतिविधियों का आयोजन करें।












Click it and Unblock the Notifications