बिहार बोर्ड का रिजल्ट आने के बाद डरे हुए थे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
बिहार बोर्ड की परीक्षा के परिणाम आने के बाद डरे हुए थे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बोले डर था कहीं यूपी बोर्ड में इसकी पुनरावृत्ति न हो।
लखनऊ। यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दसवीं व बारहवीं के 147 मेधावियों को सम्मानित किया। इन तमाम मेधावियों को एक-एक लाख रुपए व आईपैड देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर छात्रों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब यूपी बोर्ड के रिजल्ट आने वाले थे तो वह भयभीत थे। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का डर था कि कहीं यूपी में बिहार की पुनरावृत्ति न हो। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार बोर्ड के रिजल्ट इससे पहले आए थे, जिसके बाद यूपी का रिजल्ट आना था।

मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर आप अपनी सोच को सकारात्मक रखते हैं तो आगे बढ़ते रहते हैं, आपको सफल होने से कोई नहीं रोक सककता है, आपकी सफलता के पीछे आपके अभिभावकों व शिक्षकों ने भी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि यूपी में प्रतिनिधित्व देने की क्षमता है, देश के विकास का रास्ता यूपी से ही गुजरता है। जिन बच्चों को मौका मिला है उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आप अपने पुरुषार्थ से अपना भाग्य बदल सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- बिहार बोर्ड ने रचा इतिहास, टॉपर्स का रिजल्ट से पहले लिया साक्षात्कार
मुख्यमंत्री ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पलायन का रास्ता कभी नहीं अपनाना चाहिए, जीवन संघर्ष का नाम है, हमें परिश्रम करते रहना चाहिए और जीवन का पुरुषार्थ ही परिश्रम है। बालिकाओं की तारीफ करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के कुछ राज्यों में बालिकाओं की संख्या कम हो रही है, यह चिंता का विषय है, बालिकाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, आज 147 मेधावियों में 99 लड़किया हैं, जोकि हर्ष का विषय है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मेधावियों के परिजनों को भी शॉल देकर सम्मानित किया।












Click it and Unblock the Notifications