कर्नाटक CM की कुर्सी संभालते ही डीके शिवकुमार ने छात्रों और युवाओं के लिए किया बड़ा ऐलान
कर्नाटक की सियासत में बुधवार को एक नए चरण का आगाज हुआ जब कांग्रेस नेता डी.के. शिवकुमार ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भारतीय संविधान की प्रति हाथ में लेकर उन्होंने शपथ लेने के बाद सीएम का पद ग्रहण किया। सीएम पद की शपथ लेने के तुरंत बाद डीके शिवकुमार एक्शन में नजर आए। बुधवार की शाम उन्होंने अपनी कैबिनेट की बैठक की और इसमें युवाओं और छात्रों के लिए दो बड़े ऐलान किए।
छात्रों के लिए फ्री बस पास योजना का ऐलान
सीएम डीके शिवकुमार ने राज्य के छात्रों की बस पास संबंधी मांग पर 'फ्री बस पास' योजना की घोषणा की। इसके साथ उन्होंने खुलासा किया कि, "छात्रों ने मुझसे मुलाकात कर बस पास का मुद्दा उठाया था। तब हमने सभी स्टूडेंट्स को फ्री बस पास देने का बड़ा फैसला किया है। इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए एक एप्लीकेशन देनी होगी।" यह निर्णय हजारों विद्यार्थियों को लाभ देगा।

युवाओं को देंगे 56 हजार सरकारी नौकरियां
राज्य में बेरोजगारी की समस्या पर शिवकुमार ने 56,000 सरकारी नौकरी देने का वादा दोहराया। उन्होंने घोषणा की, "राज्य में बेरोजगारी की समस्या है, जिससे युवा परेशान हैं। हमने सरकार के ज़रिए 56,000 नौकरियां देने का वादा किया था। हम इस वादे को पूरा करने के लिए जल्द ही एक आधिकारिक रिक्रूटमेंट कैलेंडर जारी करेंगे।"
सीएम बनते ही बोले- अच्छी चीजों में समय लगता है
पिछले एक वर्ष से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं और अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए डीके शिवकुमार ने कहा कि मीडिया में लगातार कई तरह की खबरें और कयास लगाए जा रहे थे। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि पिछले एक साल से मीडिया को काफी "चारा" मिल रहा था, लेकिन अब पार्टी ने सभी विवादों को समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा पिछले एक साल से मीडिया में जो कुछ भी आ रहा था, मैं वह सब सुन रहा था। मैं कहता रहा कि अच्छी चीजों में समय लगता है।"
छह महीने से तैयार कर रहे थे योजनाएं
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बताया कि वह पिछले छह महीनों से सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की तैयारी कर रहे थे। पहली कैबिनेट बैठक में इन योजनाओं को लागू करने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सरकार चरणबद्ध तरीके से अपने कार्यक्रमों को लागू करेगी ताकि जनता को अधिकतम लाभ मिल सके।
अनुभव और संघर्षों का किया जिक्र
अपने राजनीतिक जीवन पर बात करते हुए शिवकुमार ने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन काफी पहले शुरू हो गया था और उन्होंने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सुख-दुख दोनों का सामना किया है, लेकिन उन्होंने हमेशा उम्मीद और सकारात्मक सोच को बनाए रखा।
पूर्व सीएम सिद्धारमैया की जमकर की तारीफ
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री Siddaramaiah की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से किया गया अपना वादा निभाया। शिवकुमार के अनुसार, जब पार्टी हाईकमान ने दोनों नेताओं को दिल्ली बुलाया, तब सिद्धारमैया ने खुशी-खुशी पद छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में संगठन और नेतृत्व के फैसलों का सम्मान सर्वोपरि है।
सामूहिक नेतृत्व पर दिया जोर
शिवकुमार ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की कुर्सी किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि जनता द्वारा दिया गया दायित्व है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में कोई भी फैसला अकेले उनका नहीं होगा, बल्कि कैबिनेट और सहयोगियों के साथ मिलकर सामूहिक रूप से निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सरकार सभी की भागीदारी और सामूहिक नेतृत्व के सिद्धांत पर काम करेगी।
डीके की कैबिनेट में किन वरिष्ठ नेताओं को मिली जगह?
मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ, डॉ. जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री की शपथ ली। कैबिनेट में के. एच. मुनियप्पा, के. जे. जॉर्ज, एम. बी. पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जरकीहोली, कृष्णा बायरे गौड़ा, प्रियांक खड़गे, यू. टी. खादर, ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्धारमैया, बिरथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल भी मंत्री बने।













Click it and Unblock the Notifications