शुद्धिकरण और पूजा-अर्चना के बाद योगी आदित्यनाथ पहुंचे 5 कालीदास मार्ग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने आधिकारिक निवास में प्रवेश किया, आज शाम को मुख्यमंत्री आवास में होगा फलाहार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री आवास का शुद्धिकरण कराने के बाद आज अपने आधिकारिक निवास में शिफ्ट हो गए हैं। मुख्यमंत्री निवास 5 कालीदास मार्ग पर गृह प्रवेश के बाद योगी आदित्यनाथ ने यहां प्रवेश किया, मुख्यमंत्री आवास पर आज सुबह 10 बजे पूजा शुरु की गई थी, तकरीबन दो घंटे की पूजा के बाद मुख्यमंत्री आज यहां स्थायी रूप से शिफ्ट हो गए।

150 लोग शामिल होंगे फलाहार में
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री आवास पर गोरखपुर के गोरखधाम मंदिर के पुजारी ने पूजा अर्चना की। गृह प्रवेश के बाद आज शाम को पांच बजे यहां तमाम सरकार के मंत्री, विधायक और भाजपा के बड़े नेता पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री ने आज अपने आवास पर फलाहार का कार्यक्रम रखा है, जिसमें तकरीबन 150 लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां शुरु कर दी गई है और मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचने वाले रास्ते पर भारी सुक्षा बल तैनात किया गया है।

महंगे बर्तन और फर्नीचर की छुट्टी
गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद मुख्यमंत्री आवास का शुद्धिकरण भी कराया गया था, यही नहीं मुख्यमंत्री आवास पर महंगे बर्तनों और फर्नीचर को भी बदला गया है और इसकी जगह पर यहां नए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आवास का पूरा कायाकल्प किया गया है। अब यहां महंगे सोफा की जगह जमीन पर बैठने का इंतजाम किया गया है, बेडरूम में लड़की का तख्त लगाया गया है।

शुद्धिकरण के लिए बुलाए गए थे पुरोहित
मुख्यमंत्री आवास में अब महंगे क्रॉकरी के बर्तन की जगह कांसे और तांबे के बर्तनों में मेहमानों का स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास का शुद्धिकरण 20 मार्च को किया गया था, इसके लिए भी गोरखपुर के गोरखधाम मंदिर से पुजारी को लाया गया था, जानकारी के अनुसार गोरखपुर और इलाहाबाद के पांच पुरोहितों ने यहां पूजा अर्चना की थी।

एनडी तिवारी से भी की मुलाकात
इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी से भी मुलाकात की, एनडी तिवारी के सीने में दर्द के बाद उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उनका हाल लेने के लिए योगी आदित्यनाथ अस्पताल पहुंचे। मुलाकात के दौरान एनडी तिवारी ने मुख्यमंत्री से कहा कि अच्छा लगा आप मिलने आए आपके गुरु से भी हमारे अच्छे संबंध थे। गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ ने 19 जनवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।












Click it and Unblock the Notifications