Yogi Adityanath at Ayodhya: सीएम योगी आदित्यनाथ की अयोध्या रैली की 10 बड़ी बातें
CM Yogi in Ayodhya: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अयोध्या के भरतकुंड में आयोजित रैली को सम्बोधित करते हुए कई अहम बातें कहीं। इस दौरान योगी ने मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर आयोजित रैली में कहा कि राम मंदिर का निर्माण हो रहा है जब पीएम मोदी इसका उद्घाटन करेंगे तब दुनिया अयोध्या का वैभव देखेगी।
6 साल में हुआ अयोध्या का कायाकल्प
योगी ने कहा कि यूपी में 2017 में बीजेपी की सरकार बनी। इससे पहले यहां लोग आने से और अयोध्या का नाम लेने से डरते थे लेकिन बीजेपी की सरकार में 6 साल में हमने यहां का कायाकल्प कर दिया है। आने वाले कुछ समय में यहां का वैभव पूरी दुनिया देखेगी। जो परियोजनाएं चल रही हैं वह अपने समय पर ही पूरी हों ये सरकार सुनिश्चित कर रही है।

जल्द ही अयोध्या नए कलेवर में दिखेगी
CM योगी ने कहा कि हमारी सरकार आने से पहले पहले गुप्तार घाट और सूरज कुंड की हालत क्या थी सभी जानते हैं। बुधवार को जब मैं अयोध्या पहुंचा तो जाकर वहां की वस्तुस्थिति का पता किया। गुप्ता घाट जो 6 साल पहले वीरान पड़ा हुआ था अब बेहतरीन बन चुका है। सरकार की कोशिश है कि आने वाले दिनों में अयोध्या नए कलेवर में दिखेगी क्योंकि अब इसको दुनिया की सबसे सुंदर नगरी बनाएंगे।
अयोध्या को दुनिया की सबसे सुंदर नगरी बनाएंगे
कल मैंने दौरा किया। हमने यहां निर्माण कराए हैं। 3 महीने से गुप्तार घाट कितने लोग गए हैं? 6 साल पहले वो वीरान पड़ा हुआ था। अब जाकर देखिए, कितना बढ़िया बन चुका है। ये नई अयोध्या है। हम अयोध्या को दुनिया की सबसे सुंदर नगरी बनाएंगे।"
भरतकुंड मैदान में हुई योगी की रैली
हालांकि सीएम योगी जब भरतकुंड रैली को संबोधित कर रहे थे तब उनके साथ अयोध्या के सांसद और सभी विधायक भी मौजूद थे। यह रैली इस मायने भी रोचक रही क्योंकि यह वही भरतकुंड है जहां कुछ दिनों पहले यानी 5 जून को बृजभूषण शरण सिंह रैली करने वाले थे लेकिन जिला प्रशासन से उनको इजाजत नहीं मिली थी। अब सीएम योगी ने उसी स्थान से अयोध्या को लेकर बड़ा संदेश देने का प्रयास किया है।
2024 में अयोध्या में श्रीराम अपने महल में विराजेंगे
योगी ने कहा कि अयोध्या को लेकर सरकार की मंशा साफ है। हम अयोध्या को ऐसा बनाकर रहेंगे कि लोगों को त्रेता युग की याद आएगी। यह इसलिए भी अहम है क्योंकि 2024 में यहां प्रभुश्रीराम आने वाले हैं और वो भव्य और दिव्य अयोध्या नगरी में अपने महल में विराजमान होंगे। इस मौके पर यहां 21 लाख दीपक जलाए जाएंगे जिससे यहां का वैभव पूरी दुनिया देखेगी।
दिल्ली राजपथ जैसी होंगी अयोध्या की सड़कें
योगी ने कहा कि अयोध्या में इतनी परियोजनाएं चल रही हैं कि एक बार सब पूरी हो जाएं तो अयोध्या की दिव्यता का नजारा देखते बनेगा। एक ओर जहां यहां विकास कार्य हो रहे हैं वहीं नए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की नींव भी पड़ रही है। अब यहां एक साथ कई विमान उतरेंगे चाहे वो घरेलू हों या अंतरराष्ट्रीय हों। जब बड़ा काम होता है तो कुछ दिक्कतें आती हैं लेकिन अगले कुछ महीने में अयोध्या की सड़कें दिल्ली के राजपथ जैसी बनकर सामने आएंगे।
अयोध्या की भव्यता देखने दुनियाभर से लोग आएंगे
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या के दिब्य और भव्य बनने के बाद पूरी दुनिया से रामभक्त यहां आएंगे। अयोध्या नगरी ऐसी बनेगी कि जो यहां जन्म नहीं लिया होगा वो पछताएगा। राम अपने घर आने वाले हैं। अपने मंदिर में आने वाले हैं और सरकार उसके उत्सव की तैयारी में जुटी हुई है। हमने अयोध्या के लिए जो कहा वो करके दिखाया है। अब इस धार्मिक नगरी से कोई अन्याय नहीं कर सकता है।
प्रभुश्रीराम के बिना हमारा जीवन अधूरा
योगी ने कहा कि कि राम के बिना हमारा जीवन अधूरा माना जाता है। जिस रूप में प्रभु राम को पूजा है, भक्ति की है, वह साकार रूप में हम सबके सामने रामलला के रूप में मंदिर निर्माण के साथ विराजमान होकर दर्शन देंगे। इसके साथ ही अयोध्या में कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। सरकार अभी कई प्रोजेक्ट देने जा रही है। अयोध्या को भव्य बनाने में फंड की कमी नहीं आएगी।
सनातन धर्म का केंद्र बिन्दु बनेगा अयोध्या
सीएम ने अयोध्या को अपने धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ विश्व स्तरीय पर्यटन शहर के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। योगी ने कहा कि अयोध्या का चेहरा जल्द ही बदलेगा। अयोध्या धाम की भव्यता और आकर्षण बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यह एक विश्व स्तरीय शहर और सनातन धर्म का केंद्र बिंदु बनेगा।
अयोध्या में चल रही 32 हजार करोड़ की परियोजनाएं
सीएम ने कहा कि अयोध्या विजन के तहत परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। यहां 32 हजार करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सहादतगंज से नयाघाट तक रामपथ पर लगभग 30% काम पूरा हो चुका है और यह परियोजना 31 दिसंबर, 2023 तक पूरी हो जाएगी। श्री राम जन्मभूमि पथ सुग्रीव किले से श्री राम जन्मभूमि मंदिर तक जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications