Yamuna Expressway पर आपके सफर को और आसान बनाएगी YEIDA,जानिए क्यों उठाया ये बड़ा कदम
उत्तर प्रदेश सरकार ने Yamuna Expressway की चौड़ाई को बढ़ाने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि गाड़ियों के बढ़ते दबाव और भविष्य की चुनौतियो से निपटने के लिए इसको 6 से आठ लेन करने की तैयारी की जा रही है।

Yamuna Expressway Industrial Development Authority: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार लोगों का सफर और कनेक्टिविटी बनाने के लिए लगातार बड़े फैसले ले रही है। योगी के कार्यकाल में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे और बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे को शुरू किया गया था। इसके बाद सरकार अब प्रयागराज से लेकर मेरठ तक देश के सबसे बड़े गंगा एक्सप्रेस वे पर तेजी से काम कर रही है। हालांकि इस बीच सरकार आगरा-से नोएडा तक बने 165 किलोमीटर यमुना एक्सप्रेस वे पर यात्रियों का सफर आसान बनाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। YEIDA के अधिकारियों की माने तो 6 लेन के इस एक्सप्रेस वे को आठ लेन में तब्दील करने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
यूपी के अलावा कई राज्यों की लाइफलाइन है यह एक्सप्रेस वे
उत्तर प्रदेश में आगरा से नोएडा तक बना यमुना एक्सप्रेस वे यूपी के साथ ही अन्य पड़ोसी राज्यों के लिए भी काफी अहम है। एक्सप्रेस वे पर लगातार बढ़ रहे दबाव को देखते हुए अब इसको चौड़ा करने की तैयारी चल रही है। ऐसा होने के बाद इससे यात्रा करने वाले यात्रियों को एक बेहतरीन अनुभव मिलने के साथ ही समय की काफी बचत होगी। अभी स्थिति ये है कि गाड़ियों की भीड़ की वजह से आए दिन इस एक्सप्रेस वे पर जाम की समस्या से जुझ़ना पड़ता है। खासतौर से जाड़े में कोहरे के समय इस एक्सप्रेस वे पर आए दिन हादसे होते हैं। चौड़ीकरण के बाद इन घटनाओं में भी कमी आएगी ओर लोग एक आसान सफर कर सकेंगे।
गाड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरकार ने उठाया कदम
आगरा से लेकर नोएडा तक बने इस एक्सप्रेस वे पर गाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस एक्सप्रेस वे पर टोल का जिम्मा संभाल रही कम्पनी के मुताबिक रोजाना इस एक्सप्रेस वे पर 32 हजार गाड़ियां गुजर रही हैं जिससे इसपर आए दिन भीड़ बढ़ती जा रही है। गाड़ियों के इस दबाव को कम करने के लिए ईडा ने अब 6 लेन के इस एक्सप्रेस वे को आठ लेन तक बढ़ाने की योजना बनाई है। इसको लेकर YEIDA ने इसको तैयार करने वाली कम्पनी जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड से तीन से चार महीने के भीतर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद तेजी से इसपर काम शुरू किया जाएगा।
रिपोर्ट आने के बाद 6 लेन से आठ लेन में तब्दील होगा यमुना एक्सप्रेस वे
हिन्दुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट में YEIDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) के सीईओ अरुणवीर सिंह के हवाले से दावा किया गया है। रिपोट्स के मुताबिक, अरुणवीर सिंह ने कहा कि, जैसे ही जेपी इंफ्राटेक की तरफ से इसकी डीपीआर रिपोर्ट आ जाएगी वैसे ही इस दिशा में काम शुरू हो जाएगा।
दरअसल समझौते के अनुसार टोल ऑपरेटर का यह दायित्व है कि गाड़ियों की बढ़ती संख्या को देखे हुए इसको 6 लेन से आठ लेन में तब्दील करने का काम करे क्योंकि इसपर गाड़ियों की संख्या प्रतिदिन 32 हजार तक पहुंच गई है। जेआईएल को कई सारे सुझाव दिए गए हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि साइड की ऊंचाई को और बढाया जाए ताकि दुर्घटना के बाद लोग एक्सप्रेस वे से नीचे न गिरें।
भविष्य को ध्यान में रखकर होगा यमुना एक्सप्रेस वे का चौड़ीकरण
इस बीच, क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण शहरों और कस्बों के साथ इस एकसप्रेस वे को जोड़ने की तैयारी चल रही है इसलिए इसके विस्तार की योजना तैयार की जा रही है। अधिकारियों की माने तो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने के बाद इस एक्सप्रेस वे पर गाडियों का दबाव और बढ़ेगा जिसको लेकर ये तैयारी पहले से ही की जा रही है। एक्सप्रेस वे के चौड़ीकरण से हवाई अड्डे से यात्रियों के लिए एक बेहतर कनेक्टिविटी भी मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications