Seema Haider News: सीमा हैदर क्यों नहीं लौट रही पाकिस्तान? जानिए पूरी कहानी, सरकार की नीति से क्या पड़ेगा असर
Seema Haider News: पाकिस्तान से आई सीमा हैदर एक बार फिर चर्चा में हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने जो कड़ा कदम उठाया है, उसका असर अब सीमा जैसे उन लोगों पर भी देखा जा रहा है जो पाकिस्तान से भारत आए हैं। हालांकि, जानकारों की मानें तो सीमा पर इस फैसले का सीधा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन फिर भी इस मामले पर सबकी नजर बनी हुई है।
सरकार ने हाल ही में सार्क वीजा छूट नीति को समाप्त कर दिया है। इसका मतलब यह हुआ कि जो पाकिस्तानी नागरिक पहले इस सुविधा का लाभ लेकर भारत आए थे, उन्हें अब एक हफ्ते के भीतर देश छोड़ने का आदेश मिला है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सीमा हैदर को भी वापस पाकिस्तान भेजा जाएगा?

नोएडा पुलिस और अधिकारियों की मानें तो फिलहाल सीमा हैदर के खिलाफ कोई सीधा सरकारी आदेश नहीं आया है। ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने साफ किया है कि जैसे ही केंद्र से कोई निर्देश मिलेगा, आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नेपाल से होते हुए भारत में दाखिल हुई थी सीमा
सीमा हैदर मई 2023 में नेपाल के रास्ते अपने चार बच्चों के साथ भारत आई थी। उसने ग्रेटर नोएडा के सचिन मीणा से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया और अब दोनों की एक बेटी भी है।
सीमा ने खुद को भारतीय संस्कृति में पूरी तरह ढाल लिया है और अब वह सचिन के साथ नोएडा में रह रही हैं। उनका दावा है कि उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया है और अब वह भारत की बहू हैं।
क्या सीमा पर भी लागू होगी वीजा नीति?
सरकार के ताजा फैसले के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या यह नीति सीमा हैदर पर भी लागू होगी? विशेषज्ञों का कहना है कि सीमा वीजा के जरिए भारत नहीं आई थी, बल्कि वह अवैध रूप से नेपाल के रास्ते भारत दाखिल हुई थी।
सीमा के वकील एपी सिंह का कहना है कि उनके खिलाफ न तो कोई साक्ष्य मिले हैं और न ही कोई कानूनी आदेश आया है जिससे उन्हें देश छोड़ने के लिए कहा गया हो। यूपी एटीएस की जांच में भी कुछ खास नहीं पाया गया है।
सीमा ने लगाई पीएम मोदी और सीएम योगी से गुहार
हाल ही में एक वायरल वीडियो में सीमा हैदर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भारत में रहने की इजाजत देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह अब भारत की बहू हैं और पाकिस्तान नहीं लौटना चाहतीं।
वीडियो में सीमा कहते ही नजर आ रही हैं कि मैं पाकिस्तान की बेटी थी, लेकिन अब मैं भारत की बहू हूं। मैं मोदी जी और योगी जी से प्रार्थना करती हूं कि मुझे यहीं रहने दिया जाए। उनका कहना है कि उन्होंने अपना धर्म बदल लिया है और अब पूरी तरह से भारत का हिस्सा बन चुकी हैं।
अब पाकिस्तानी नागरिक नहीं रहीं सीमा
सीमा के अधिवक्ता एपी सिंह का कहना है कि वह अब पाकिस्तानी नागरिक नहीं रहीं। उन्होंने सचिन मीणा से विवाह किया है और एक बच्ची को जन्म दिया है। उनका दावा है कि सीमा की नागरिकता अब उनके पति से जुड़ी हुई है और सरकार को इसे मान्यता देनी चाहिए।
सीमा हैदर की कहानी शुरू हुई थी एक ऑनलाइन गेम पब्जी से, जहां उनकी पहचान ग्रेटर नोएडा के सचिन मीणा से हुई। दोनों में प्रेम हुआ और सीमा ने भारत आने का फैसला किया। अपने बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत आई सीमा ने सचिन से शादी कर ली। इस कहानी ने सोशल मीडिया से लेकर समाचार चैनलों तक हर जगह हलचल मचा दी थी। अब फिर से उनका मामला चर्चा में है।












Click it and Unblock the Notifications