आरपी गौतम कौन हैं? जिन्हें अनुप्रिया पटेल ने अपना दल (एस) का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर खेला है मास्टरस्ट्रोक
RP Gautam Profile:उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) को आरपी गौतम के रूप में अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। जाटव बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले आरपी गौतम को पार्टी का अध्यक्ष बनाने का निर्णय पार्टी प्रमुख अनुप्रिया पटेल का है। अभी तक आरपी पटेल सहकारिता मंच के प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाल रहे थे। पार्टी के वफादार दलित नेता आरपी गौतम को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद से ही लगातार चर्चा में बने हुए हैं।
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले अपना दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल ने पद से इस्तीफा ये कहते हुए दे दिया था कि, "पार्टी उन्हें स्टैंप की तरह यूज कर रही है, उनकी राय नहीं लेती है और पार्टी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और डॉ सोनेलाल पटेल की विचारधारा से भटक गई है। उनके विचारों को पार्टी नजरअंदाज कर रही है।

अनुप्रिया पटेल ने राजकुमार के इन आरोपों के कुछ दिन बाद ही अब दलित नेता आरपी गौतम को पार्टी की कमान सौंप कर मास्टरस्ट्रोक चल दिया है। अपना दल (एस) की रणनीति प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने और दलित और पिछड़ी जाति के वोटरों में पकड़ मजबूत बनाने की है।
कौन हैं आरपी गौतम?
उत्तर प्रदेश के सीतापुर के मूल निवासी आरपी गौतम दलितों के नेता हैं। बहुजन समाज के हितों के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले आरपी गौतम अभी तक सहकारिता मंच के प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाल रहे थे। अपना दल के समर्पित नेता की दलित समाज ही नहीं ग्रामीणों और किसानों में मजबूत पकड़ है।
आरपी गौतम को अनुप्रिया पटेल ने क्यों सौंपी ये जिम्मेदारी?
2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में तो अभी समय है लेकिन इससे पहले उत्तर प्रदेश में निकाय और पंचायत चुनाव होने वाले हैं। सहकारिता मंच का अध्यक्ष पद संभालते हुए आरपी गौतम ने ग्रामीणों, किसानों के हितों की आवाज उठाई है और उनके हित में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। ऐसे में पंचायत चुनाव में अनुप्रिया की पार्टी को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा पार्टी को उम्मीद है कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले जमीन से जुड़े नेता आरपी गौतम प्रदेश स्तर पर अपना दल (एस) मजबूत बनाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications