Lok Sabha Polls: राम मंदिर लहर के बीच कौन हैं सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद? जिन्हें अयोध्या से अखिलेश ने उतारा
SP Faizabad Lok Sabha Candidate Awadhesh Prasad: समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली लिस्ट में पार्टी ने 16 प्रत्याशियों का ऐलान किया है। इस लिस्ट में सपा ने फैजाबाद लोकसभा सीट (अयोध्या) से अवधेश प्रसाद को चुनावी रण में उतारा है।
सपा की लिस्ट के बाद सवाल उठता है कि आखिर समाजवादी पार्टी ने अयोध्या जैसी कांटे की टक्कर वाली सीट पर अवधेश प्रसाद पर इतना बड़ा दाव क्यों लगाया? ऐसे में जानिए राम मंदिर उद्घाटन के बाद सपा की रणनीति और कौन हैं अवधेश प्रसाद जो अयोध्या में भाजपा को टक्कर देने के लिए सपा का चेहरा बने हैं?

एक तरफ जहां राम मंदिर के उद्घाटन के बाद बीजेपी पूरे देश में महौल बनाने में जुटी है। इसी बीच अखिलेश यादव ने अयोध्या यानी फैजाबाद लोकसभा सीट पर दलित प्रत्याशी मैदान में उतारकर सबको चौंका दिया है।
नौ बार के विधायक हैं अवधेश प्रसाद
सपा के फैजाबाद सीट से प्रत्याशी अवधेश प्रसाद दलित नेता और नौ बार के विधायक हैं। मौजूदा वक्त में अवधेश प्रसाद अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा से विधायक है। लंबे वक्त से वो समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं। उनकी गिनती पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के करीबी लोगों में होती है।
जानिए कब-कब जीते
अवधेश प्रसाद की गिनती यूपी के कद्दावर नेताओं में होती है। उनकी दलित वोटर्स में उनकी अच्छी पकड़ है। इसी के साथ यादव और मुस्लिम वोटर्स में भी वो काफी लोकप्रिय हैं। 1977 में पहली बार अयोध्या की सोहावल विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने के बाद, उन्होंने 1985, 1989, 1993, 1996, 2002, 2007 और 2012 तक लगातार विधानसभा चुनाव जीता।
2017 में हारे, फिर 2022 में जीते
हालांकि 2017 के विधानसभा चुनाव में उनको हार का सामना करना पड़ा। 2017 में मिल्कीपुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी गोरखनाथ बाबा ने उन्हें 28,276 वोटों से हराया, जिसके बाद 2022 में फिर उन्होंने चुनाव लड़ा और भाजपा प्रत्याशी गोरखनाथ बाबा को 13,000 से अधिक मतों से पराजित किया। बता दें कि अयोध्या की सोहावल और मिल्कीपुर विधानसभा से जीत हासिल कर अवधेश प्रसाद 9 बार विधानसभा पहुंचे हैं।












Click it and Unblock the Notifications