UP Ram Mandir Update: राम मंदिर के उद्घाटन से पहले देशभर में 5 करोड़ लोगों तक पहुंचेगी VHP
देश में अगले साल जनवरी में राम मंदिर का भव्य शुभारंभ होना है। इससे पहले विश्व हिन्दू परिषद की तरफ से पांच करोड़ लोगों तक पहुंचने का अभियान चलाया जाएगा। ताकि चुनाव से पहले बीजेपी के पक्ष में माहौल बनाया जा सके।
Ram Mandir Ayodhya: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण काफी तेजी से चल रहा है। राम मंदिर के गर्भगृह का उद्घाटन अगले साल जनवरी में प्रस्तावित है। लेकिन, 2024 के लोकसभा चुनाव और अयोध्या में राम मंदिर के प्रस्तावित उद्घाटन से पहले विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने देश भर में करीब पांच करोड़ लोगों तक पहुंचने की योजना बनाई है।

जहां विहिप की शाखा बजरंग दल ने पहले ही देश के विभिन्न हिस्सों में शौर्य यात्राएं निकालना शुरू कर दिया है वहीं अगले महीने साधु-संतों का पैदल मार्च (पदयात्रा) निकाला जाएगा। संतों की पदयात्रा देश के विभिन्न हिस्सों में जाएगी और लोगों को राम मंदिर निर्माण के महत्व से अवगत कराएगी। वीएचपी और राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अयोध्या में राम मंदिर के भव्य उद्घाटन की तैयारी कर रहे हैं। ट्रस्ट ने उद्घाटन के लिए अगले साल 22 जनवरी की तारीख प्रस्तावित की है।
विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार के मुताबिक इस पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु प्रख्यात साधु-संतों के दर्शन कर सकेंगे। विहिप अध्यक्ष ने कहा, 'आम तौर पर लोग इन संतों के दर्शन के लिए मठों और आश्रमों में जाते हैं, लेकिन उन्हें बस उनसे आशीर्वाद लेने के लिए अपने घरों से बाहर आने की जरूरत है।'
उन्होंने कहा कि सैकड़ों साधु-संत इस पदयात्रा का हिस्सा बनने के लिए सहमत हो गए हैं जो अगले महीने शुरू होगी और देश के सभी महत्वपूर्ण शहरों में जाएगी। बजरंग दल ने पहले ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों और कुछ अन्य राज्यों में अपनी शौर्य यात्राएं शुरू कर दी हैं। इसमें दल लोगों को राम मंदिर के लिए दिए गए बलिदान की याद दिला रहा है।
ट्रस्ट, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और अन्य संगठन उद्घाटन को भव्य आयोजन बनाने में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह का देश-विदेश के करीब दो लाख मंदिरों में सीधा प्रसारण किया जाएगा। एक महीने तक चलने वाले उद्घाटन समारोह में कई कार्यक्रम होंगे।












Click it and Unblock the Notifications