माहौल बिगाड़ने वालों पर यूपी पुलिस की पैनी नजर, प्रदेश में हाई अलर्ट के साथ धारा 144 लागू
Uttar Pradesh Lok Sabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव का परिणाम आज यानी मंगलवार को आ जाएगा। सुबह आठ बजे से मतगणना का काम शुरु हो जाएगा। ऐसे में उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट है। पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गयी है। माहौल बिगाड़ने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है।
उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा है कि कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश में हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस की नजर है। इन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार ने भी ऐसा करने वालों को चेताया है।

अपर मुख्य सचिव, गृह दीपक कुमार व डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रदेश में 81 मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कराए गए हैं। सभी जिलों में धारा 144 लागू की गई है। कहीं भी किसी प्रत्याशी को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।डीजीपी ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं। कुछ लोग मतगणना केंद्र पर बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने के लिए संदेश प्रसारित कर रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध पुलिस के पास पुख्ता प्रमाण हैं। उनके विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
डीजीपी ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतगणना संपन्न कराने के लिए सभी प्रबंध सुनिश्चित कराए गए हैं। मतगणना के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की गड़बड़ी करने अथवा शांति-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications