अवैध कब्जों की जगह मकान बनाकर गरीबों को देने का काम कर रही सरकार- ब्रजेश पाठक
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अवैध कब्जे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की योगी सरकार की सराहना करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया। उन्होंने पीएम मोदी व सीएम योगी के नेतृत्व में देश व प्रदेश के बदले हालात के बारे में भी चर्चा की।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि पीएम मोदी व सीएम योगी के नेतृत्व में देश व प्रदेश का तीव्रतम गति से विकास हो रहा है। विकास के ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगा है। कानून का राज स्थापित हुआ है। इसके साथ ही जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जिन माफियाओं ने जमीन को अवैध तरीके से कब्जे में लिया था आज उसे खाली कराया जा रहा है। सिर्फ खाली ही नहीं कराया जा रहा है। उस पर मकान बनाकर गरीबों को वितरित भी किया जा रहा है। यह प्रधानमंत्री मोदी व सीएम योगी का संकल्प भी है। गरीबों को अधिक से अधिक सरकारी जमीन का लाभ मिल सके इसके लिए सरकार लगातार प्रयत्नशील है।
यूपी के प्रयागराज में शुक्रवार को अतीक अहमद की कब्जे की जमीन मुक्त कराकर बनाए गए आवासों की चाभी गरीबों में वितरित की गयी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आयोजित कार्यक्रम में 76 लोगों को आवास की चाभी दी। एक फ्लैट की कीमत 3.5 लाख है। सरकार की यह योजना इस बात को दर्शाती है कि प्रदेश में जहां भी अवैध जमीन किसी के द्वारा कब्जा की गयी है तो उसे खाली कराकर गरीबों को दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications