UPPSC: CBI जांच से टल गई PCS मेन्स की परीक्षा, जानें क्या है नई डेट
Recommended Video

इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की भर्तियों की चल रही सीबीआई जांच के बीच पीसीएस मुख्य परीक्षा को अगले कुछ महीनों के लिए टाल दिया गया है। पीसीएस मुख्य परीक्षा 17 मार्च को प्रस्तावित थी, लेकिन अब सीबीआई जांच से आयोग में मचे हड़कंप के बीच इस परीक्षा को 17 मई को कराने का निर्णय लिया गया है। आयोग में मची उठापटक के बीच यह जरूरी भी था कि इस परीक्षा को टाल दिया जाए क्योंकि इन हालातों में परीक्षा को सकुशल संपन्न कराना बहुत मुश्किल था।

बढ़ सकती है कई अन्य परीक्षाओं की डेट
पीसीएस परीक्षा के साथ ही फरवरी में प्रस्तावित अपर निजी सचिव परीक्षा 2013 को भी स्थगित कर दिया गया है और संभावना यह है कि अब सीबीआई की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी कुछ और परीक्षाओं पर भी इसका असर पड़ेगा और आगामी परीक्षाएं भी टल सकती हैं। जैसा कि आप जानते हैं पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा पिछले वर्ष 24 सितंबर को आयोजित की गई थी और इसका परिणाम इसी 19 जनवरी को जारी किया गया था। रिजल्ट जारी होने के बाद 17 मार्च को पीसीएस मेंस की परीक्षा आयोजित की जानी थी, लेकिन इसी बीच आयोग की भर्ती की सीबीआई जांच शुरु हो गई और आयोग के ऊपर बढ़ती सख्ती ने परीक्षा को टालने के लिए विवश कर दिया।

पीसीएस लिखित परीक्षा 17 मई को
पीसीएस लिखित परीक्षा 17 मई को आयोजित की जायेगी। यानि अभ्यर्थियों के पास अब एक लंबा समय तैयारी के लिए उपलब्ध होगा। हालांकि अभी अपर निजी सचिव परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई है। परीक्षा नियंत्रक अंजू कटियार ने बताया कि बदलाव संबंधित जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। जल्द ही अपर निजी सचिव परीक्षा की तिथि का ऐलान किया जाएगा।

क्या कह रहे हैं अधिकारी
मामले में आयोग के सचिव जगदीश ने बताया कि सीबीआई जांच के कारण कर्मियों की व्यस्तता जरूर बढ़ गई है, लेकिन सीबीआई के चलते परीक्षा नहीं टाली जा रही है। अभ्यर्थियों की मांग पर परीक्षा टाली गयी है। अपर निजी सचिव परीक्षा तकनीकी कारणों से टाली गई है।












Click it and Unblock the Notifications