UP Weather: यूपी के कई जिलों को नहीं मिलेगी अभी बारिश से राहत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बारिश जैसी स्थिति बन रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 25 मार्च तक राज्य के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं।

UP Weather Condition: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। हालांकि कुछ जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश से राहत मिली है और तेज धूप निकली है। लेकिन यूपी के मौसम विभाग ने राज्य के अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की चेतावनी जारी की है। इस बीच मौसम वैज्ञानिकों का कहना है इस समय हो रही बारिश किसानों के लिए एक आफत बनकर आयी है। इससे फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।
मंगलवार को बारिश के साथ कई जगहों पर पड़े ओले
लखनऊ के बाहरी इलाकों में मंगलवार को ओलावृष्टि हुई जबकि राज्य की राजधानी के अधिकांश हिस्सों में लगातार दूसरे दिन दोपहर करीब 3 बजे तक बारिश हुई। इससे दिन का तापमान नीचे चला गया। लेकिन बुधवार सुबह से ही लखनऊ में आसमान पूरी तरह से साफ है और धूप निकली हुई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। राज्य के कुछ स्थानों पर तेज़ हवाएँ (25-35 किमी प्रति घंटे) भी चलने की संभावना है।
लखनऊ में आंशिक तौर पर बादल छाये रहने का अनुमान
लखनऊ के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश एवं गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 30 और 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। राज्य ने कई स्थानों पर बारिश एवं गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है।
लखनऊ के कई इलाकों में मंगलवार को हुई बारिश
मंगलवार को लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 28 और 17 डिग्री सेल्सियस के साथ 10.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह तेज धूप थी लेकिन दोपहर 3 बजे के बाद बादल छाए और 45 मिनट तक तेज बारिश हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, नगरम, मलिहाबाद, माल, बख्शी का तालाब क्षेत्रों से ओलावृष्टि की सूचना मिली थी और किसानों का कहना है कि इस बारिश ने गेहूं, सरसों और अन्य फसलों को नष्ट कर दिया था जो कटाई के लिए तैयार थी। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इटौंजा और बाराबंकी में भी ओलावृष्टि हुई है।
नए पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से फिर बारिश के आसार
मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार रात को समाप्त हो गया है और एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23 मार्च से राज्य में सक्रिय हो जाएगा, जिसके कारण पश्चिम यूपी के कुछ हिस्सों और पूर्वी यूपी के अलग-अलग हिस्सों में 24 मार्च से बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 25 मार्च तक आंशिक तौर पर समाप्त हो जाने का अनुमान है।
लखनऊ के मौसम प्रभारी मोहम्मद दानिश ने कहा कि वेस्ट यूपी में हाल के दिनों में अधिकतम बारिश हुई है, मेरठ में 90 मिमी, बरेली में 85.2 मिमी, बिजनौर में 75 मिमी बारिश हुई है। मंगलवार को शाहजहांपुर में 31 मिमी, मुरादाबाद और बहराइच में 14 मिमी और लखीमपुर खीरी में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications