UP Weather Live: लखनऊ में तपिश, वाराणसी-भदोही में 2 अक्टूबर तक बारिश के आसार, जानें मौसम का पूरा हाल
UP Weather: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में इस समय मौसम का मिजाज अलग ही चल रहा है। कुछ जनपदों में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है और तेज धूप से लोग परेशान हैं तों कुछ जनपदों में आसमान में बादल दिखाई दे रहे हैं वह बरसात हो रही है।
ऐसी स्थिति केवल एक जनपद में नहीं है बल्कि बीते कुछ दिनों से यूपी के कई जनपदों में इसी तरह का मौसम बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगलवार को भी कुछ जनपदों में बरसात होगी और कुछ जगहों पर तेज धूप से परेशानी हो सकती है।

इसी तरह राजधानी लखनऊ में मंगलवार को धूप का असर ज्यादा रहेगा। दोपहर तक तपिश महसूस होगी। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों के भीतर हल्की बारिश हो सकती है। दशहरे के आसपास बूंदाबांदी का भी अनुमान है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट के अनुसार वाराणसी और आसपास के जिलों में चिलचिलाती धूप निकल रही है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। सुबह और रात को हल्की ठंडक मिलती है लेकिन दिन चढ़ते ही गर्मी परेशान कर रही है।
पूर्वांचल में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वांचल के कई जिलों में 2 अक्टूबर तक बारिश की संभावना जताई है। वाराणसी, मिर्जापुर और भदोही में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना कम है। गाजियाबाद और नोएडा में तापमान 34 से 35 डिग्री तक रहने का अनुमान है। यहां सुबह-शाम बादल दिख सकते हैं लेकिन बारिश की गुंजाइश बेहद कम है।
34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है तापमान
लखनऊ का तापमान मंगलवार को 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिन में धूप तेज होगी लेकिन देर शाम बादल राहत देंगे। बुधवार से यहां बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है।
आसपास के रायबरेली, अमेठी और अयोध्या जिलों में भी ऐसा ही मौसम रहेगा। इन जगहों पर अगले तीन दिनों तक तापमान 33 से 36 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
4 अक्टूबर के बाद यूपी में बदलेगा मौसम
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि 4 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा। इससे यूपी के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़ा अंतर नहीं होगा। लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम औद बदलाव से पूर्वांचल में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
वाराणसी में इस सीजन में अब तक 873.3 मिमी बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से करीब 35 प्रतिशत ज्यादा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सीजन उम्मीद से बेहतर रहा है।
सितंबर का आखिरी हफ्ता वाराणसी और आसपास के जिलों में गर्मी से भरा रहा। इस समय तक हल्की ठंडक आ जाती थी लेकिन इस बार धूप और उमस ज्यादा महसूस हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications