UP Weather: यूपी में बदलेगा मौसम, तेज बारिश और आंधी की चेतावनी, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
UP Weather: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मार्च के दूसरे पखवाड़े में जहां दिन का तापमान बढ़ रहा है, वहीं रात की ठंड एक बार फिर लौट आई है। बीते 24 घंटों में राज्य के 19 जिलों में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जबकि नौ जिलों में यह 16 डिग्री से भी कम रहा।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यूपी के कई जिलों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 20 से 22 मार्च के बीच तेज़ हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। आगरा, प्रयागराज, बहराइच और लखनऊ समेत कई इलाकों में इसका असर देखने को मिल सकता है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते यूपी के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटों में आगरा और बहराइच का न्यूनतम तापमान क्रमशः 15.2 और 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, नजीबाबाद में 13.5 और बुलंदशहर में 14 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
लखनऊ एयरपोर्ट पर स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक, अगले 48 घंटों में 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है और कुछ स्थानों पर हल्की सर्दी का अहसास बना रह सकता है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बढ़ेगा तापमान
मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सर्द हवाओं का असर खत्म होने वाला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन-चार दिनों में यहां तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी बढ़ने के आसार हैं।
मंगलवार को मेरठ में चार से छह किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं, जिससे दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं हुई। हालांकि, निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार, इस हफ्ते के अंत तक तापमान में तेज़ी से वृद्धि होने की संभावना है और भीषण गर्मी दस्तक दे सकती है।
ताजनगरी आगरा में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। सुबह और शाम को हल्की ठंडी हवाएं महसूस की जा रही हैं, जबकि दिन में तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 मार्च को तेज़ हवा, अंधड़ और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
होली के दौरान तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन उसके बाद आई बारिश और तेज़ हवाओं से इसमें गिरावट दर्ज की गई। दो दिनों से सतही हवाओं के कारण तापमान स्थिर बना हुआ है, लेकिन आगामी दिनों में एक बार फिर मौसम के बिगड़ने की संभावना है।
प्रयागराज में तापमान में गिरावट
प्रयागराज में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते चार दिनों में अधिकतम तापमान करीब छह डिग्री गिरा है।
मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 22 मार्च के बीच यहां तेज़ हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों तक हल्के बादल छाए रह सकते हैं और तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications