Weather Alert: शाम तक यूपी के कई जिलों में होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
Weather Alert: शाम तक यूपी के कई जिलों होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
लखनऊ, 03 सितंबर: गर्मी झेल रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को आज यानी शुक्रवार (03 सितंबर) को थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शाम तक झमाझम बारिश हो सकती है। इतना ही नहीं, मौसम विभाग ने कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका भी व्यक्त की है।

यूपी के इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबाकि, इटावा, औरैया, जालौन, मैनपुरी, एटा, कासगंज, बदायूं, कन्नौज, फर्रुखाबाद, उन्नाव, प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर, रायबरेली, फतेहपुर, हमीरपुर, बांदा, अयोध्या, जौनपुर, वाराणसी, गोंडा, बस्ती, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली और सहारनपुर जिलों में शाम तक भारी बारिश की आशंका है। इन जिलों में बारिश के दौरान 50 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके भी चल सकते हैं।

87 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार चलेगी हवाएं
वहीं, दूसरी तरफ कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यानी हवा के तेज झोंकों और बारिश के दौरान लोगों को सचेत रहने के साथ घर के अंदर ही रहने की सलाह दी है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है वे जिले हैं कासगंज, बदायूं, संभल, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, बरेली, पीलीभीत, मेरठ और बागपत। इन जिलों में बारिश के दौरान 87 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका जाहिर की गई है।

पानी लबालब हुई यूपी की सड़के
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में हुई बारिश की बात करें तो मेरठ में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। मेरठ में 40 मिमी जबकि नजीबाबाद में 14 मिमी बारिश दर्ज की गई। बाकी शहरों में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई है। तो वहीं, भारी बारिश से उत्तर प्रदेश की सड़कों पर पानी भर गया है। बिजली के खंभों में करंट उतरने से कई हादसों की खबरें भी सामने आई है। सड़कों पर जल भराव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है।

इन राज्यों में जारी हुआ बारिश का अलर्ट
इतना ही नहीं, कई निचले इलाकों में नालियों का पानी घर के अंदर भी घुस गया है। तो वहीं भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी-दिल्ली, करनाल, कैथल, फतेहाबाद, इंदिरापुरम, गाजियाबाद, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर के अलग-अलग स्थानों पर जोरदार बारिश की आशंका जताई है।












Click it and Unblock the Notifications