UP Ration Card 2025: अगर नहीं है राशन कार्ड तो न लें टेंशन, अब घर बैठे करें आवेदन, घर से ही हो जाएगा सब काम
UP Ration Card 2025: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के करोड़ों लाभार्थियों के लिए राशन वितरण की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब एक बार में तीन महीने का राशन दिया जा रहा है, ताकि मानसून के दौरान आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। यह योजना 25 मई से पूरे प्रदेश में लागू हो चुकी है।
राज्य सरकार ने एडवांस राशन वितरण की तिथियों को चरणबद्ध किया है। इस नई व्यवस्था के तहत जून, जुलाई और अगस्त माह का राशन अलग-अलग तारीखों में दिया जाएगा। जिनके पास राशन कार्ड है, वे अपनी नजदीकी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन प्राप्त कर सकते हैं।

प्रदेश भर के करीब 3.58 करोड़ राशन कार्ड धारकों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, जो लोग अब तक राशन कार्ड नहीं बनवा पाए हैं, उनके लिए भी सरकार की ओर से आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह आसान कर दी गई है। अब वे भी आसानी से राशन कार्ड बनवा सकते हैं।
एडवांस राशन वितरण की तारीखें घोषित
मानसून के चलते संभावित सप्लाई समस्याओं को देखते हुए राशन की अग्रिम आपूर्ति का फैसला किया गया है। जून माह का राशन 25 मई से 5 जून तक वितरित किया जाएगा, जबकि जुलाई का राशन 10 से 20 जून के बीच मिलेगा।
वहीं अगस्त माह के लिए राशन 25 जून से 6 जुलाई तक वितरित किया जाएगा। इन तारीखों के भीतर लाभार्थी अपना कोटा ले सकते हैं। अगर कोई व्यक्ति तय तिथि पर राशन नहीं ले पाता तो अगली तिथि में उसका राशन नहीं दिया जाएगा।
राशन कार्ड नहीं है? तो ऐसे बनवाएं नया कार्ड
जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है, वे जल्द से जल्द आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि आप अपने सभी दस्तावेज लेकर नजदीकी जनसेवा केंद्र या आपूर्ति विभाग कार्यालय जाएं।
आवेदन फॉर्म भरते समय ध्यान दें कि कार्ड का मुखिया महिला होना चाहिए। यदि परिवार में कोई महिला नहीं है, तब पुरुष का नाम दिया जाएगा। साथ ही आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, सालाना आय, बिजली और एलपीजी की जानकारी भी देनी होती है।
नया राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन भी की जा सकती है। इच्छुक आवेदक e-District Portal पर रजिस्ट्रेशन कर आवेदन कर सकते हैं। अगर आप स्वयं आवेदन नहीं करना चाहते तो जनसेवा केंद्र की मदद ले सकते हैं।
फॉर्म में परिवार के सभी सदस्यों का नाम और आधार नंबर अनिवार्य रूप से भरना होगा। इसके अलावा राशन कार्ड मुखिया के बैंक खाते की जानकारी देना भी ज़रूरी है, जिससे डिजिटल वेरिफिकेशन आसान हो सके।
आवेदन करने के बाद कब मिलेगा राशन कार्ड?
ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जमा करने के बाद सबसे पहले डुप्लीकेसी जांच की जाती है। यदि नाम पहले से किसी राशन कार्ड में दर्ज नहीं है, तो आवेदन स्वीकार कर लिया जाता है। इसके बाद दस्तावेजों की जांच स्थानीय अधिकारियों द्वारा की जाती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी और शहरी क्षेत्रों में नगर निगम/निकाय कार्यालय द्वारा सत्यापन होता है। जांच सही पाए जाने के बाद आपूर्ति अधिकारी डिजिटल हस्ताक्षर के साथ राशन कार्ड जारी करते हैं। आपको इसका SMS के ज़रिए सूचना मिल जाती है।
अगर सभी दस्तावेज और जानकारी सही पाई जाती है तो अधिकतम 30 दिनों के भीतर नया राशन कार्ड जारी कर दिया जाता है। इस बीच किसी भी प्रकार की अपडेट के लिए आप e-District पोर्टल या जनसेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications