UP Rain Forecast: उत्तर प्रदेश में मौसम का यू-टर्न, एक तरफ बारिश, दूसरी ओर भीषण लू का कहर
UP Rain Forecast: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम ने करवट ले ली है। एक तरफ राजधानी लखनऊ से लेकर तराई के इलाकों तक बादल मंडरा रहे हैं और ठंडी बूँदों की फुहार से मौसम सुहाना हो गया है, वहीं बुंदेलखंड के जिलों में गर्म पछुआ हवाओं ने हालात बिगाड़ रखे हैं। कुछ जनपदों में मौसम अभी भी काफी गर्म है।
राज्य के कुछ जिलों में बूंदाबांदी और तेज हवाओं ने तपती गर्मी से लोगों को कुछ राहत दी है। खासकर लखनऊ, गोरखपुर, बहराइच और लखीमपुर जैसे जिलों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से मौसम में नमी आई है। इसके अलावा बुंदेलखंड और झांसी आदि जनपदों में तापमान लगातार 44-45 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है।

मौसम विभाग द्वारा बताया गया है कि अगले कुछ दिनों में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी और तापमान में गिरावट आएगी, जिससे आमजन को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
बुधवार और गुरुवार को तराई के बहराइच, गोरखपुर, कुशीनगर और महाराजगंज जैसे जिलों में आसमान पर काले बादल छाए रहे। गरज और बिजली के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे खेतों को भी संजीवनी मिली है और किसानों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।
इन इलाकों में शुक्रवार से बारिश और तेज हवाओं की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 27 मई तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। ऐसे में किसानों और आम लोगों को सचेत रहने की सलाह दी गई है।
35 जिलों को लेकर मौसम विभाग ने किया अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि शुक्रवार से चार दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में गरज के साथ बारिश, 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका भी जाहिर की गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट और इन हालातों को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सतर्कता बरतने को कहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे शरण न लें। मोबाइल और बिजली के उपकरणों का प्रयोग भी इस दौरान सीमित करें।
झांसी-बांदा में गर्मी का कहर जारी
बांदा और झांसी में लगातार दूसरे दिन पारा 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया। इन जिलों में लू जैसी स्थिति बनी हुई है और दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। इंसानों के साथ ही पशुओं को भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि, मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राहत की बात ये है कि इन इलाकों में भी आगामी दिनों में हल्की बारिश के संकेत मिल रहे हैं, जिससे तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है। इससे वहां के निवासियों को भी जल्द राहत मिल सकती है।
यह भी बता दें कि शुक्रवार को वाराणसी, गाजीपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, देवरिया, जौनपुर, लखनऊ, बरेली, शाहजहांपुर, सहारनपुर, बिजनौर, हरदोई और सीतापुर समेत 40 से ज्यादा जिलों में वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जाहिर की गई है।












Click it and Unblock the Notifications