Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

UP Politics: "मैं बहनजी के हर फैसले का..." - आकाश आनंद की पहली प्रतिक्रिया, सोशल मीडिया पर रखी अपनी बात

UP Politics: बसपा प्रमुख मायावती ने हाल ही में आकाश आनंद को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया। इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई थी। अब आकाश आनंद ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि वह मायावती के हर फैसले का सम्मान करते हैं।

आकाश आनंद ने कहा कि वह बहन मायावती के नेतृत्व में त्याग, निष्ठा और समर्पण के मूल्यों को समझ पाए हैं। उन्होंने लिखा, "मेरा जीवन केवल एक विचार नहीं, बल्कि बहुजन मिशन के लिए समर्पित है। आदरणीय बहन जी का हर निर्णय मेरे लिए पत्थर की लकीर के समान है। मैं उनके फैसले के साथ खड़ा हूं और पार्टी के लिए हमेशा काम करता रहूंगा।"

up-politics-mayawati-takes-big-decision

आकाश आनंद ने अपने पोस्ट में लिखा है "मैं परमपूज्य आदरणीय बहन कु. मायावती जी का कैडर हूं, और उनके नेतृत्व में मैने त्याग, निष्ठा और समर्पण के कभी ना भूलने वाले सबक सीखे हैं, ये सब मेरे लिए केवल एक विचार नहीं, बल्कि जीवन का उद्देश्य हैं। आदरणीय बहन जी का हर फैसला मेरे लिए पत्थर की लकीर के समान है, मैं उनके हर फैसले का सम्मान करता हूं उस फैसले के साथ खड़ा हूं।

आदरणीय बहन कु. मायावती जी द्वारा मुझे पार्टी के सभी पदों से मुक्त करने का निर्णय मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भावनात्मक है, लेकिन साथ ही अब एक बड़ी चुनौती भी है, परीक्षा कठिन है और लड़ाई लंबी है।

ऐसे कठिन समय में धैर्य और संकल्प ही सच्चे साथी होते हैं। बहुजन मिशन और मूवमेंट के एक सच्चे कार्यकर्ता की तरह, मैं पार्टी और मिशन के लिए पूरी निष्ठा से काम करता रहूंगा और अपनी आखिरी सांस तक अपने समाज के हक की लड़ाई लड़ता रहूंगा।

कुछ विरोधी दल के लोग ये सोच रहे हैं कि पार्टी के इस फैसले से मेरा राजनीतिक करियर समाप्त हो गया, उन्हें समझना चाहिए कि बहुजन मूवमेंट कोई करियर नहीं, बल्कि करोड़ों दलित, शोषित, वंचित और गरीबों के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान की लड़ाई है।

यह एक विचार है, एक आंदोलन है, जिसे दबाया नहीं जा सकता। इस मशाल को जलाए रखने और इसके लिए अपना सब कुछ न्यौछावर करने के लिए लाखों आकाश आनंद हमेशा तैयार हैं।"

एक साल में दूसरी बार कार्रवाई

यह पहली बार नहीं है जब मायावती ने आकाश आनंद पर सख्त फैसला लिया हो। बीते एक साल में यह दूसरी बार है जब उन्हें पदों से हटाया गया है। इससे पहले लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ बयान देने के कारण उन्हें पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें फिर से सक्रिय किया गया था।

अब मायावती ने न केवल आकाश आनंद को हटाया, बल्कि यह भी साफ कर दिया कि उनके जीते-जी कोई उत्तराधिकारी नहीं होगा। उन्होंने यह घोषणा भी की कि बसपा का नेतृत्व परिवारवाद से दूर रहेगा और केवल योग्य कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

UP Politics: पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी

मायावती ने अपने भाई आनंद कुमार और वरिष्ठ नेता रामजी गौतम को राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि अब पूरा फोकस पार्टी संगठन को मजबूत करने पर होगा। इसके अलावा, उन्होंने देशभर में बसपा की जमीनी पकड़ बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा की।

बैठक में मौजूद सूत्रों के मुताबिक, जब आकाश आनंद को इस फैसले की जानकारी मिली, तो वह बैठक में शामिल नहीं हुए। मायावती ने बैठक में कहा कि उनके लिए पार्टी और मूवमेंट पहले है, जबकि रिश्ते-नाते बाद में आते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से पार्टी को आगे बढ़ाने में जुटी रहेंगी।

अब सवाल यह उठता है कि आकाश आनंद भविष्य में क्या रुख अपनाएंगे? क्या वह बसपा में बने रहेंगे या कोई नया राजनीतिक कदम उठाएंगे? यह आने वाले समय में साफ हो पाएगा, लेकिन इतना तय है कि इस फैसले के बाद बसपा की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+