योगीराज: कांस्टेबल की हत्या करने वाले को पुलिस करा रही है शॉपिंग, तस्वीरें हुईं वायरल
कैदी की हथकड़ी खोलकर उसे मॉल में घुमाया जाता रहा। दोस्तों से मिलवाया गया, उसने भी पूरे ठाठ से ठहाके लगाए और अपनी पसंद की चीजे ढूंढता और खरीदता रहा...
इलाहाबाद। प्रतापगढ़ जिले में अपराधी व पुलिस की ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं जो कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रही है। प्रतापगढ़ जिला कचहरी लाए गए हत्या के एक आरोपी को पुलिस शॉपिंग कराती नजर आई। हथकड़ी खोलकर उसे मॉल में घुमाया जाता रहा। दोस्तों से मिलवाया गया, उसने भी पूरे ठाठ से ठहाके लगाए और अपनी पसंद की चीजे ढूंढता और खरीदता रहा, यहां तक काउंटर पर जाकर पेंमेट भी की। ये मामला आश्चर्यजनक इसलिए भी है क्योंकि युवक कोई साधारण हत्या का आरोपी नहीं है। उसने थाने में घुसकर वर्दीवाले की ही हत्या की थी।


अपराधियों की ये खातिरदारी, पुलिस वालों की इंसानियत है या जेब गर्म करने की खुमारी! जो भी हो अब ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो बखेड़ा खड़ा हो गया है। पुलिस अधिकारी बचाव के लिए तरीका खोज रहे हैं लेकिन सीधे कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। इस हत्यारे ने भी पुलिस वालों से बढ़िया साठगांठ की और मॉल में खरीदारी करता नजर आया। हालांकि मीडिया कर्मियों के वहां पहुंचने पर अपराधी को लेकर पुलिस रवाना हो गई।

कानपुर जिला जेल से आया था पेशी पर
सिर में भगवा गमछा बांधे विकास नाम का ये शातिर अपराधी कानपुर जिला जेल में बंद है। दो मामले में उसकी पेशी होनी थी। जिसके लिए उसे पुलिस अभिरक्षा में प्रतापगढ़ जिला कचहरी में पेशी पर लाया गया था। लेकिन यहां हत्यारे कैदी विकास की हथकड़ी खोलकर पुलिसकर्मियों ने उसे खूब शॉपिंग कराई। पुलिस का ये कारनामा कैमरे में कैद हो गया तो अब सीनियर अधिकारी मामले में सफाई दे रहे हैं।

घटनाक्रम पर एक नजर
बता दें कि अंतु थाना क्षेत्र के धनउर के रहने वाले विकास मिश्रा ने प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाने में घुसकर ड्यूटी पर तैनात गार्ड महादेव प्रसाद पांडे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद से वो कानपुर जिला जेल में कैदी है। शातिर विकास को प्रतापगढ़ एसीजेएम न्यायलय में दो मामलों और एडीजे कोर्ट संख्या 4 में एक मामले की पेशी के लिए लाया गया था। विकास के साथ 3 सिपाही और एक इंस्पेक्टर अभिरक्षा में आए थे।

V-Mart में हुई शॉपिंग
कचहरी के पास ही वी-मार्ट शापिंग मॉल है। पेशी के बाद आरोपी विकास को उसी मॉल में ले जाया गया। जहां पहले से ही उसके दोस्त व परिजन मौजूद थे। विकास की अंदर हथकड़ी खोल दी गई और फिर उसने शॉपिंग की। इसी दौरान वो अपने कुछ दोस्तों और परिजनों से मिला। कुछ देर में सूचना पर मीडिया भी मॉल पहुंची तो पुलिस एक्टिव हुई और विकास को मॉल के बहार ले गई। कैमरा देख शॉपिंग बैग विकास के साथी लेकर चले गए।
जब दहल गया था यूपी
24 फरवरी 2017 की रात 11 बजे विकास मिश्रा की गैंग ने मानिकपुर थाने में आधा दर्जन बदमाशों के साथ हमला बोल दिया था। थाने में बम फोड़े गए, गोलियां तड़तड़ाई गई। पूरे थाने में दहशत फैल गई। पुलिसकर्मी जान बचाकर भागे लेकिन तैनात गार्ड महादेव प्रसाद की गोली लगने से मौत हो गई। रातों-रात पूरे सूबे में हड़कंप मच गया। पूरे कांड में विकास मुख्य आरोपी है और 5 अन्य नामजद हैं।
कब लेगी खाकी सबक!
आश्चर्य हुआ कि अभी एक सप्ताह पहले ही प्रतापगढ़ में सिपाही को गोली मार दी गई। उसके बाद भी पुलिस सबक नहीं ले रही और अपराधियों से दोस्ती निभा रही है। सिविल लाइन इलाके के वी-मार्ट में कैदी को शॉपिंग करवाने का वाक्या सीसीटीवी में भी कैद हुआ है। पूरे मामले में एएसपी स्वामी नाथ ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से पड़ताल की जाएगी। आखिर कानून व्यवस्था पर सीएम योगी आदेश देकर भी क्या कर सकेंगे जब वर्दीधारी खुद में बदलाव नहीं ला रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications