UP Nikay Chunav 2023: पहले चरण में CM योगी- Dy CM केशव समेत दर्जनभर मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर
उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को है। वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर लखनऊ समेत दस नगर निगम की सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

UP Nikay Chunav 2023: उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के तहत पहले चरण का मतदान चार मई (गुरुवार) को होना है। मतदान को लेकर जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं वहीं दूसरी ओर पहले चरण में सीएम योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रिमंडल के दर्जनभर मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी होगी। इनके अलावा जिन मंत्रियों को इन जिलों और नगर निगम की सीटों का प्रभारी बनाया गया था उनके रणनीतिक कौशल की भी परीक्षा होनी है। पहले चरण के तहत गुरुवार को 2.40 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सीएम योगी, केशव और भूपेंद्र चौधरी की साख दांव पर
बीजेपी के मत्रियों और दिग्गजन नेताओं की माने तो उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हों या डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सबने धुआंधार रैलियां कर जनता से वोट की अपील की है। प्रदेश अध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का भी कड़ा इम्तिहान होगा क्योंकि हाल ही में खतौली सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी हार गई थी। इस हार के बाद इस बात को लेकर सवाल उठे थे कि पश्चिम से ही प्रदेश होने के बावजूद बीजेपी के हाथ से यह सीट कैसे निकल गई। नई टीम के ऐलान के बाद पश्चिम में पार्टी को जिताने की पूरी जिम्मेदारी भूपेंद्र चौधरी की ही होगी।
काशी-लखनऊ और गोरखपुर पर होंगी सबकी नजरें
पहले चरण में सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर, पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी, रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह के संसदीय क्षेत्र लखनऊ में वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा नगर निगम की सात और सीटें हैं जहां पहले चरण के तहत मतदान होगा। इस दौरान योगी के उन मंत्रियों की परीक्षा होगी जिनको नगर निगमों का प्रभारी बनाया गया था। हालांकि इस बार भी बीजेपी के नेता अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त दिख रहे हैं।
दस महापौर सीटों पर पहले चरण में डाले जाएंगे वोट
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, 37 जिलों के मतदाता 10 महापौरों और 820 नगरसेवकों सहित 7,593 प्रतिनिधियों को चुनने के लिए गुरुवार को पहले चरण में मतदान करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि पहले दौर के मतदान में 2.40 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पहले चरण में 44 हजार उम्मीदवार मैदान में
पहले चरण में 103 नगर पालिका परिषद अध्यक्षों और 2,740 नगर पालिका परिषद सदस्यों के पदों के लिए मतदान होगा। पहले चरण के मतदाता 275 नगर पंचायत अध्यक्षों और 3,645 नगर पंचायत सदस्यों के भाग्य का भी फैसला करेंगे। पहले दौर में कुल 44,232 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सुरक्षा के रहेंगे कड़े बंदोबस्त
विशेष डीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा कि 19,880 निरीक्षकों एव उप-निरीक्षकों, 1,01,477 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल, 47,985 होमगार्ड, पीएसी की 86 कंपनियां, सीएपीएफ की 35 कंपनियां, शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए 7,500 अंडर-ट्रेनिंग सब-इंस्पेक्टरों को तैनात किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications