उत्तर प्रदेश में सपा को एक और झटका, विधायक अभय सिंह ने परिवार संग थामा बीजेपी का दामन
MLA Abhay Singh News Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को एक और झटका लगा है। अयोध्या की गोसाईगंज सीट से सपा विधायक अभय सिंह ने सोमवार को पिता व पत्नी सहित बीजेपी का दामन थाम लिया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की उपस्थिति में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ली।
गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह अपने पिता भगवान बख्श सिंह व पत्नी सरिता सिंह सहित भाजपा में शामिल हो गए। उअभय सिंह ने राज्यसभा चुनाव में भी भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। इसके अलावा करुणाकर पांडे, पूर्व सांसद संतोष कुमार सिंह, चौधरी सरदार सिंह, पूर्व विधायक अशोक सिंह, पूर्व विधायक पहलवान सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी, बसपा के वरिष्ठ नेता कुंवर वकील चंद्र भी भाजपा में शामिल हो गए।

अभय सिंह मौजूदा समय में अयोध्या की गोसाईगंज सीट से विधायक हैं। 2022 में विधानसभा के चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के सिंबल पर इस सीट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद पिछले दिनों हुए राज्यसभा के चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी द्वारा उतारे गए आठवें प्रत्याशी संजय सेठ को वोट करने के दौरान उनका नाम सामने आया था जब समाजवादी पार्टी के सात विधायकों ने सपा का दामन छोड़कर बागी हुए थे।
अभय सिंह ने 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए भी अयोध्या जाने की बात अपने पार्टी फोरम पर उठाई थी लेकिन तब सपा ने अपने विधायकों को वहां जाने से मना कर दिया था। उसके बाद अभय सिंह ने बीजेपी प्रत्याशी को वोट करने के पहले अपने सोशल मीडिया पर रामलला की फोटो लगाई थी और जब अभय सिंह रामलला के दर्शन करने गए तो काफी भावुक दिखाई दिए थे।
राज्यसभा के चुनाव में कुल 7 लोगों ने सपा से टूटकर भाजपा के प्रत्यशी के पक्ष में वोट किया था, उसमें मनोज पांडेय, राकेश पांडेय, अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह, विनोद चतुर्वेदी, पूजा पाल और आशुतोष मौर्य शामिल थे। यही वो विधायक थे जिन्होंने राज्यसभा की वोटिंग के एक रात पहले समाजवादी पार्टी के डिनर पॉलिटिक्स में भी हिस्सा नहीं लिया था।












Click it and Unblock the Notifications