UP News: UPSRTC वेबसाइट हैक मामले में सरकार की बड़ी कार्रवाई, MD संजय कुमार को हटाया
यूपी सरकार ने UPSRTC के MD को हटा दिया है। बताया जा रहा है कि योगी वेबसाइट हैक होने की वजह से काफी नाराज बताए जा रहे हैं।

UP: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की ई-टिकट बुकिंग वेबसाइट को हैक होने के मामले में योगी सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। परिवहन निगम के एमडी संजय कुमार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया गया है। अब उनकी जगह एम वेंकटेश्वर लू परिवहन निगम के नए प्रबंध निदेशक बन गए हैं।
वेबसाइट हैक होने की वजह से आई गड़बड़ी की वजह से यात्रियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई दिन बीतने के बाद भी परिवहन विभाग को इस समस्या से निजात नहीं मिली है। इससे विभाग को भी भारी नुकसान होने का अंदेशा जताया जा रहा है। यात्रियों की नाराजगी और विभाग को हो रहे नुकसान से सीएम योगी भी बेहद नाराज बताए जा रहे है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार को साइबर ठगों ने बड़ा झटका दिया था। अधिकारियों की माने तो बुधवार तड़के उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की टिकट बुकिंग वेबसाइट को हैक कर लिया और इसे पूरी तरह से बहाल करने में एक सप्ताह का समय लग सकता है।
सरकार ने एक बयान में कहा था कि विदेशी हैकरों ने रात करीब दो बजे वेबसाइट को हैक कर लिया था, जिससे टिकट प्रणाली प्रभावित हुई और इसे बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वेबसाइट का प्रबंधन करने वाली कंपनी मैसर्स ओरियन प्रो ने वेबसाइट से डेटा रिकवर करने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम तैनात की है और ऑनलाइन टिकटिंग सेवाओं को बहाल करने के लिए एक नया सर्वर स्थापित करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। कंपनी ने इस मामले में नवी मुंबई स्थित अपने मुख्यालय में केस भी दर्ज कराया है।
बयान में कहा गया है कि, यूपीएसआरटीसी के सभी 20 क्षेत्रों और 115 डिपो में अगले 7-10 दिनों में चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली बहाल कर दी जाएगी। बसों का संचालन प्रभावित न हो इसके लिए परिवहन निगम की बसों का संचालन मैनुअल टिकटिंग से किया जा रहा है। क्षेत्रीय अधिकारियों को 24 घंटे बस स्टैंड और डिपो पर नजर रखने को कहा गया है।
सरकार ने कंपनी द्वारा प्रबंधित सभी एप्लिकेशन और वेब पोर्टल्स के लिए थर्ड पार्टी सिक्योरिटी ऑडिट करने का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications