UP News: यूपी के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, पांचवें वेतनमान वाले कार्मिकों का बढ़ा महंगाई भत्ता
UP News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने कर्मचारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में छठे वेतनमान वाले कर्मचारियों के बाद अब पांचवें वेतनमान वाले कार्मिकों का भी महंगाई भत्ता बढ़ा दिया गया है। इन कर्मचारियों को मूल वेतन का 443 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। इन्हें यह लाभ 1 जनवरी 2024 से दिया जाएगा। वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने इस बाबत आदेश जारी कर दिए हैं।
प्रदेश में अभी तक पांचवें वेतनमान वाले कर्मचारी मूल वेतन का 427 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता ले रहे थे। इसमें 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो गई है। अब इन्हें 443 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। इसका लाभ उन कर्मचारियों को मिलेगा। जिन्हें 1 जनवरी 2006 से पुनरीक्षित वेतन का लाभ नहीं मिल रहा है।

1 जनवरी से 31 मई तक बढ़ी हुई दर पर महंगाई भत्ते की देय राशि कर्मचारियों के भविष्य निधि खाते पीएफ या फिर एनएससी के रूप में दी जाएगी। राष्ट्रीय पेंशन योजना का लाभ लेने वाले कर्मियों को अवशेष धनराशि का 10 प्रतिशत उनके टियर-एक पेंशन खाता में जमा की जाएगी। शेष 90 प्रतिशत धनराशि कार्मिक के पीएफ में जमा कराई जाएगी या फिर एनएससी के रूप में दी जाएगी।
प्रदेश में तैनात अखिल भारतीय सेवा के वे अधिकारी और कर्मचारी जिन्हें पांचवा और छठा वेतनमान मिल रहा है। उनको भी बढ़ी हुई दर से महंगाई भत्ता देने के आदेश जारी किए गए हैं। छठा वेतनमान पाने वाले कार्मिकों को मूल वेतन का 239 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा। जबकि पांचवा वेतनमान पाने वाले कार्मिकों को 443 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications