UP News: क्या दिल्ली-लखनऊ की जंग में पिस रहे ओपी राजभर, BJP क्यों नहीं बना रही मंत्री, अजय राय ने बताई ये वजह
UP Congress ChieF Ajay Rai: उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट के बीच कांग्रेस के चीफ अजय राय ने पूर्व कैबिनेट मंत्री और SBSP के चीफ ओम प्रकाश राजभर पर तंज कसते हुए कहा है कि दिल्ली-लखनऊ के बीच चल रही खींचतान में ओम प्रकाश राजभर पिस रहे हैं। पता नहीं बीजेपी उन्हें मंत्री क्यों नहीं बना रही है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वन इंडिया से बातचीत के दौरान यह बातें कहीं। अजय राय ने कहा कि, '' इससे पहले भी यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की खबरें सामने कई बार आयी हैं लेकिन हर बार मंत्रिमंडल का विस्तार टल जाता है। राजभर जी ने तो एक बार डेट भी बता दी थी लेकिन मंत्री बनने का सपना पूरा नहीं हुआ। शायद इस बार पूरा हो जाए। दिल्ली-लखनऊ के खींचतान में राजभर फंसे हुए हैं।''
राय से यह पूछा गया कि मुख्यमंत्री योगी के दिल्ली के दौरे के बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें लग रही हैं तो उन्होंने कहा, '' योगी जी को बार बार दिल्ली बुलाया जाता है लेकिन हर बार वो विस्तार नहीं कर रहे हैं। इससे जाहिर है कि दिल्ली-लखनऊ के बीच जंग छिड़ी हुई है।''
सहारनपुर से शुरू हो रही परिवर्तन यात्रा को लेकर अजय राय ने कहा कि 2024 से पहले कांग्रेस ने गांव-गांव, घर घर पहुंचने का प्लान तैयार किया है। सहारनपुर से सीतापुर तक यात्रा चलेगी। जल्द ही इसकी तारीख तय की जाएगी। इसमें केंद्रीय स्तर के कई नेताओं को भी बुलाया जाएगा। कार्यकर्ताओं की मंशा के अनुरूप इसको आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।
राजस्थान-छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश में बीजेपी के पर्यवेक्षकों की नियुक्ति पर भी अजय राय ने निशाना साधा। अजय राय ने कहा है कि, '' कांग्रेस में रिसॉर्ट पालिटिक्स नहीं होती है। नतीजे आने के बाद कांग्रेस ने तेलंगाना का सीएम तुरंत चुन लिया और उन्होंने शपथ लेकर अपना काम भी शुरू कर दिया है लेकिन अब बीजेपी में दिखावा ज्यादा होता है।''












Click it and Unblock the Notifications