गरीबों के लिए गरिमापूर्ण जीवन का मार्ग प्रशस्त करेगा मोदी कैबिनेट का पहला निर्णय : योगी आदित्यनाथ
CM Yogi News Uttar Pradesh: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट के उस फैसले का स्वागत किया है, जिसमें आगामी पांच साल में देश में तीन करोड़ अतिरिक्त आवास के निर्माण को मंजूरी दी गई है। सीएम योगी ने सोमवार को अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के युगांतरकारी नेतृत्व में देश केस करोड़ों निर्धनों का 'अपना पक्का घर' का सपना साकार हो रहा है। उसी शृंखला में आज प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल के केंद्रीय कैबिनेट की पहली बैठक में ही 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के अंतर्गत देश में तीन करोड़ अतिरिक्त आवास के निर्माण का निर्णय अभिनंदनीय है। ये आवास घरेलू शौचालय, एलपीजी कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, नल कनेक्शन जैसी बुनियादी सुविधाओं से युक्त होंगे। सीएम योगी ने गरीबों के लिए गरिमापूर्ण जीवन का मार्ग प्रशस्त करते इस लोक कल्याणकारी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

सीएम योगी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद के नये मंत्रियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सभी मंत्रियों को विभिन्न मंत्रालयों का दायित्व मिलने पर बधाई दी है। सीएम योगी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह तीसरा कार्यकाल 140 करोड़ भारतवासियों की आशाओं, अपेक्षाओं और आकाक्षाओं को पूर्णता प्रदान करने वाला होगा। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नवगठित केंद्रीय मंत्रिपरिषद में सभी मंत्रीगण को आज मंत्रालय का दायित्व मिलने पर हार्दिक बधाई। आप सभी की ऊर्जा, अनुभव, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र प्रथम की भावना 'आत्मनिर्भर भारत-विकसित भारत' के विराट संकल्प की सिद्धि में सहायक होगी। सीएम योगी ने सभी मंत्रियों को उनके स्वर्णिम कार्यकाल के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त की है।












Click it and Unblock the Notifications