UP Exclusive: 2024 में बुंदेलखंड में सभी दलों की टेंशन बढ़ाएगी BDP, जानिए क्या हैं सुलखान सिंह के दावे
Ex DGP Sulkhan Singh: उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक और बुंदेलखंड डेमोक्रेटिक पार्टी (BDP) के अध्यक्ष सुलखान सिंह इन दिनों चर्चा में हैं। उन्होंने एक नई राजनीतिक पार्टी बनाकर बुंदेलखंड की दशा और दिशा बदलने का दावा किया है। सुलखान सिंह स्पष्ट शब्दों में कहते हैं कि वह केवल बुंदेलखंड पर फोकस करेंगे और वह 2024 के लोकसभा चुनाव में सभी सात सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे।

पूर्व डीजीपी और बुंदेलखंड डेमोक्रेटिक पार्टी का गठन करने वाले सुलखान सिंह ने वनइंडिया के साथ विशेष बातचीत के दौरान इसका खुलासा किया। सुलखान सिंह ने कहा कि राजनीतिक दलों ने बुंदेलखंड को हमेशा ही हाशिए पर रखा है और यहां के लोगों को केवल वोट बैंक के रूप में उपयोग किया है।
सवाल: नई पार्टी के गठन के पीछे क्या मंशा है?
जवाब: देखिए पार्टी के गठन के पीछे मंशा सिर्फ एक ही है और वो है बुंदेलखंड का विकास और यहां के लोगों के लिए रोजगार के लिए आवाज उठाना। हम बुंदेलखंड में ही फोकस करेंगे। कई दशकों से यहां के लोगों को राजनीतिक दल ठेंगा दिखाते रहे हैं लेकिन इसको बदलने का समय आ गया है। इसीलिए हमने एक नई पार्टी बनाई है।
सवाल: बुंदेलखंड के विकास को लेकर कोई विजन है?
जवाब: बुंदेलखंड के विकास के लिए विजन तैयार है। हम घर घर जा रहे हैं और अपने अभियान के तहत अपनी मंशा से लोगों को अवगत करा रहे हैं। लोग हमारे साथ जुड़ भी रहे हैं। बुंदेलखंड में आज भी पानी और रोजगार एक बड़ी समस्या है इसकी समाधान सरकारें अभी तक नहीं कर पायी हैं। जा भी दावे हैं वो फाइलों तक ही सिमट कर रह गए हैं।

सवाल: 2024 का लोकसभा चुनाव आ रहा है क्या चुनाव लड़ेंगे?
जवाब: बिल्कुल। राजनीतिक दल बनाया गया है तो चुनाव तो लड़ना ही है लेकिन सही उम्मीदवार मिलने पर ही उतारा जाएगा। बुंदेलखंड की सातों सीटों पर हम उम्मीदवार उतारने के प्रयास में हैं। हमने तीन सीटों पर अपना उम्मीदवार तय भी कर लिया है लकिन इसको अभी उजागर नहीं करेंगे। बाकी तीन सीटों पर भी हम सही और योग्य उम्मीदवार की तलाश में हैं।
सवाल: सरकारें हमेशा बुंदेलखंड के विकास का दावा करती रही हैं, इसको लेकर क्या कहेंगे?
जवाब: यह बुंदेलखंड का दुर्भाग्य है कि सिर्फ दावे ही हो रहे हैं। हकीकत इसके बिल्कुल उल्टा है। कई परियोजनाएं हैं जो फाइलों में ही सिमटी हुई हैं। सरकार ने बुंदेलखंड में कुछ करने की जगह परीसिमन के नाम पर यहां की विधानसभा सीटें घटाई जा रही हैं। बुंदेलखंड का राजनीतिक अस्तित्व मिटाने की साजिश की जा रही है।
सवाल: आपकी तरह ही पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने भी एक पार्टी बनाई लेकिन उस तरह की सफलता नहीं मिल रही है?
जवाब: अमिताभ ठाकुर की पार्टी और हमारी पार्टी में एक बड़ा अंतर है। वह पूरे यूपी में अपनी पार्टी चला रहे हैं लेकिन हम एक बार फिर कहना चाहते हैं कि हम केवल बुंदेलखंड पर ही फोकस करेंगे। हमारी राजनीति बुंदेलखंड के जिलों पर ही केंद्रित होगी। यहां की समस्याओं और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications