सोनम-राजा रघुवंशी मामले के बीच यूपी का कपल हुआ गुमशुदा! हनीमून मनाने गए थे सिक्किम, परिवार ने लगाई PM से गुहार
UP Honeymoon Couple Missing: सोनम-राजा रघुवंसी हनीमून केस के बीच हनीमून पर गया एक और कपल चर्चा में है। शादी के बाद सिक्किम पहुंचा यह कपल लापता है। हनीमून पर जाने वाला हर जोड़ा सपनों से भरा होता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से निकले कौशलेंद्र और अंकिता के लिए यह यात्रा कभी न भूलने वाली त्रासदी में बदल गई।
शादी के महज 24 दिन बाद, 29 मई को उनका वाहन सिक्किम की तेज बारिश और फिसलन भरी पहाड़ियों के बीच अनियंत्रित होकर करीब 1000 फीट गहरी तीस्ता नदी में समा गया। हादसे के 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन नवविवाहित जोड़ा अब भी लापता है। परिजन हर पल उम्मीद के सहारे बैठे हैं कि उनका बेटा और बहू किसी चमत्कार से सलामत मिल जाएं।

इस दर्दनाक इंतजार के बीच उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि खोजबीन में और तेजी लाई जाए। कौशलेंद्र प्रताप सिंह और उनकी पत्नी अंकिता सिंह की शादी 5 मई को हुई थी और वे 24 मई को हनीमून पर सिक्किम पहुंचे थे।
ये भी पढ़ें:Sonam Raghuvanshi के चैट से जुड़ रही साजिश की कड़ियां, बॉयफ्रेंड से राजा के लिए कही थी शॉकिंग बात
भूस्खलन वाले इलाके में हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा मंगन जिले के मुन्सिथांग के पास हुआ, जहां पहले से ही लगातार बारिश और भूस्खलन से हालात बिगड़े हुए थे। 11 पर्यटकों और एक ड्राइवर को लेकर चल रहा वाहन चुंगथांग से गंगटोक लौट रहा था तभी यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने ड्राइवर की मौत की पुष्टि की है, जबकि तीन अन्य यात्रियों को बचा लिया गया। आठ लोग अब भी लापता हैं, जिनमें यह नवविवाहित जोड़ा और ओडिशा बीजेपी महिला मोर्चा की सचिव इतिश्री जेना भी शामिल हैं।
नदी में दबा है वाहन, रेस्क्यू में मुश्किलें
सिक्किम के एसपी सोनम डेचु भूटिया ने बताया कि वाहन अब भी मलबे और नदी की सिल्ट में दबा हुआ है, जिससे बचाव कार्य में भारी दिक्कत आ रही है।
परिवार ने पीएम और सीएम से लगाई गुहार
कौशलेंद्र के पिता शेर बहादुर सिंह पांच अन्य परिजनों के साथ सिक्किम पहुंचे हैं और वहां लगातार रेस्क्यू टीम की मदद कर रहे हैं। एक वीडियो संदेश में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की, "हम अपने बच्चों के बिना सिक्किम नहीं लौटेंगे, हमें बस उनकी तलाश में मदद चाहिए।"
अब तक नहीं मिला दंपती का कोई सामान
हादसे की जगह से कुछ निजी सामान बरामद किए गए हैं, लेकिन उनमें से कोई भी कौशलेंद्र या अंकिता से जुड़ा नहीं पाया गया है।
प्राकृतिक चुनौतियों से जूझ रही रेस्क्यू टीम
एनडीआरएफ, राज्य पुलिस, अग्निशमन विभाग, वन विभाग और सिक्किम ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन (TAAS) की टीमें लगातार रेस्क्यू में लगी हुई हैं। लेकिन खराब मौसम, तेज नदी की धारा और अस्थिर जमीन रुकावट बनी हुई है।
सरकारी उदासीनता पर परिवार की नाराजगी
कौशलेंद्र के दादा और बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. उमेद सिंह 'इंसान' ने उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार पर उदासीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "पार्टी के लिए वर्षों तक काम किया, लेकिन किसी ने आगे आकर मदद नहीं की। ओडिशा सरकार की तेजी से तुलना करें तो फर्क साफ दिखता है।"
12वें दिन भी उम्मीदें कायम
घटना के 12 दिन बाद भी परिजनों की उम्मीदें जिंदा हैं। वे किसी चमत्कार की आस में हर पल अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें:ट्रांजिट रिमांड के बाद सोनम रघुवंशी की कैसी बीती पहली रात?












Click it and Unblock the Notifications