यूपी: कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने से क्यों बच रहे हैं हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर, 40% गायब
लखनऊ: देश में ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए गुरुवार से उसका दायरा बढ़ाकर 45 साल तक के उम्र के लोगों को उसमें शामिल कर लिया गया है और लोग इसे लगवाने को लेकर जागरूक भी नजर आ रहे हैं। लेकिन, उत्तर प्रदेश में जिन हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है, वह समय पूरी होने के बाद भी दूसरी डोज लगवाने से कतराते नजर आ रहे हैं। ऐसे लोगों की तादाद करीब 40 फीसदी है। प्रदेश में 16.49 लाख से ज्यादा हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन की पहली डोज दी गई थी। वैक्सीन मैनेजमेंट से जुड़े लोगों की चिंता इसलिए बढ़ गई है, क्योंकि जबतक दोनों डोज नहीं लगा दिया जाता, तबतक लोग संक्रमण से पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो सकते।

Recommended Video
दूसरी डोज से ना भागें, समय हो चुका है तो जरूर लगवाएं
यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने जो जानकारी उपलब्ध कराई है, उसके मुताबिक राज्य में 8.90 लाख से ज्यादा हेल्थकेयर वर्करों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई थी। लेकिन, करीब 3.05 लाख यानी 34 फीसदी लोगों ने इसकी दूसरी डोज अभी तक नहीं लगाई है। इसी तरह जिन कुल 7.59 लाख फ्रंटलाइन वर्करों को पहला टीका लगाया गया था, उनमें से 3.50 लाख से ज्यादा यानी 46 फीसदी ने अभी तक इसका दूसरा टीका नहीं लगवाया है। प्रसाद ने दूसरी डोज नहीं लगाने वाले 6.59 लाख से ज्यादा हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स से अब अपील की है कि उन्हें जल्दी ही वैक्सीन की दूसरी खुराक लगवा लेनी चाहिए, क्योंकि सिर्फ एक डोज से कोरोना वायरस से पूरी तरह सुरक्षित नहीं हुआ जा सकता। उन्होंने कहा है, 'दोनों डोज जरूरी है और तभी एंटीबॉडीज बन पाएगा।'
46.75 लाख से ज्यादा लोगों को लग चुकी है पहली डोज
15 फरवरी को दूसरी खुराक की शुरुआत से पहले राज्य सरकार ने 15 लाख से ज्यादा फ्रंटलाइन वर्करों को वैक्सीन देने का अनुमान लगाया था। इनमें पुलिसकर्मी, होम गार्ड, राजस्व विभाग के कर्मचारी, नगर निगमों के लोग, जेल में काम करने वाले कर्मचारी, सिविल डिफेंस के लोग, डिजास्टर मैनेजमेंट टीम और अर्द्धसैनिक बल भी शामिल थे। बता दें कि यूपी में जबसे कोरोना की वैक्सीन लगाई जा रही है, बुधवार तक 46.75 लाख से ज्यादा लोगों को इसकी पहली डोज लगाई जा चुकी है और 9.90 लाख से ज्यादा यानी 21 फीसदी लोगों को इसकी दूसरी डोज भी लग चुकी है।(तस्वीर: सांकेतिक)












Click it and Unblock the Notifications