UP में होली पर भीषण सड़क हादसा, कार और डबल डेकर बस की टक्कर में 6 लोगों की मौत, कई घायल
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार (3 मार्च) की तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार डबल डेकर स्लीपर बस ने ईको वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में वैन में सवार तीन महिलाओं सहित कुल 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस अधीक्षक (SP) चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा सादाबाद थाना क्षेत्र के हरिया गढ़ी गांव (141 माइलस्टोन) के पास सुबह करीब 4:20 बजे हुआ। नोएडा से गोरखपुर की ओर जा रही स्लीपर बस का चालक वैन से आगे निकलने (overtaking) का प्रयास कर रहा था, तभी नियंत्रण खोने के कारण बस ने वैन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतकों की हुई पहचान, घायल आगरा रेफर
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) राम आनंद कुशवाह के मुताबिक, वैन में कुल 16 लोग सवार थे जो दिल्ली के प्रेम नगर से राजस्थान के धौलपुर जा रहे थे। मृतकों की पहचान दिनेश (50), उनकी पत्नी सुनीता (48), विजय बघेल (27), उनकी पत्नी पिंकी बघेल (26), लोकेश (35) और नाथू देवी (65) के रूप में हुई है। वैन का चालक इस हादसे में चमत्कारिक रूप से सुरक्षित है।
हादसे के बाद पुलिस और राहत दल ने तुरंत मोर्चा संभाला। घायल बच्चों को इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां दो बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस की कड़ी कार्रवाई: बस चालक और मालिक पर शिकंजा
प्रशासन ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि बस के चालक, परिचालक और ऑपरेटर को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही, बस मालिक के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। होली के त्योहार पर अपने घर जा रहे इन परिवारों के लिए यह यात्रा आखिरी साबित हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications