PM Virtual Rally: यूपी में माफियाओं और गुंडों को योगी सरकार ने कानून का मतलब सिखाया: मोदी
नई दिल्ली, 31 जनवरी: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी पूरी तरह से चुनाव प्रचार में जुट गई है। एक तरफ जहां भाजपा के दिग्गज डोर-टू-डोर चुनावी प्रचार करने मिशन यूपी को फतेह करने में लगे हुए हैं तो दूसरी तरफ अब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली कमान संभाल ली है। दिल्ली से पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फेंसिंग के जरिए भाजपा के जन चौपाल कार्यक्रम में हिस्सा किया। इस दौरान पीएम मोदी ने सपा पर निशाना साधा।

पीएम मोदी अपनी वर्चुअल रैली के जरिए यूपी के शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर और गौतमबुद्ध नगर के मतदाताओं को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश की ये वो धरती है, जिसने 1857 की क्रांति में देश को एकजुटता का संदेश दिया था, कमल के फूल और रोटी ने हमेशा देश को बांटने वालों को मुंह तोड़ जवाब दिया। हम एकजुट रहेंगे तो कोई हमें कभी परास्त नहीं कर पाएगा।
'यूपी में दबंग और दंगाई शो चलाते थे'
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 5 साल पहले दबंग और दंगाई ही कानून थे, उन्हीं का कहा ही शासन का आदेश था। पहले व्यापारी लुटता था, बेटी घर से बाहर निकलने में घबराती थी और माफिया, सरकारी संरक्षण में खुलेआम घूमते थे। जब ये क्षेत्र दंगे की आग में जल रहा था, तो पहले वाली सरकार जश्न मना रही थी।
'बीजेपी सरकार ने कानून का मतलब सिखाया'
वहीं पीएम ने आगे कहा कि खुद को कानून से ऊपर मानने वाले माफियाओं और गुंडों को उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार ने कानून का मतलब सिखाया है। इसलिए ये गुंडे किसी भी तरह सत्ता में आने के लिए बेताब हैं। हम उत्तर प्रदेश में बदलाव लाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। दूसरी ओर, वे आपसे (जनता) बदला लेने का अवसर तलाश रहे हैं। बदला लेना उनकी विचारधारा है।
'हमारा काम और उनके कारनामे'
वहीं योगी सरकार की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब मैं पांच साल पहले चुनाव के समय पश्चिमी यूपी में आया था, तो आपसे कहा था कि यूपी के विकास के लिए हम कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। इन पांच वर्षों में योगी जी के नेतृत्व में, यूपी सरकार ने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से आपकी सेवा करने का, यूपी के विकास का प्रयास किया है। हमारा काम और उनके कारनामे, उनकी कारस्तानी देखकर इस बार भी यूपी की जनता, भाजपा को भरपूर आशीर्वाद देने जा रही है और इसमें भी जो हमारे फर्स्ट टाइम वोटर्स हैं, वो खुलकर भाजपा के साथ हैं।
अखिलेश यादव पर कसा तंज
Recommended Video
पीएम मोदी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग सत्ता खोने के अंधविश्वास से नोएडा जैसे युवा आकांक्षाओं के क्षेत्र में आने से भी कतराते हैं, क्या वो युवाओं के सपनों का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं? जो देश के अपने टीके पर विश्वास नहीं करते, जो अफवाहों को हवा देते हैं, क्या वो UP के युवाओं के टैलेंट का सम्मान कर सकते हैं?












Click it and Unblock the Notifications