यूपी चुनाव 2022 में JAM PPP ABCD NIZAM और LAB, अमित शाह और अखिलेश के बीच चल रहा 'वर्ड वार'
लखनऊ, 30 दिसंबर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी मोदी और योगी, दोनों सरकारों की ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरी हुई है। भाजपा नेता अपने भाषण में इसको डबल इंजन सरकार कहते हैं और इसके जरिए विकास करने का दावा कर यूपी की जनता से वोट मांग रहे हैं। भाजपा के सामने इस बार मुख्य विपक्षी दल के तौर पर समाजवादी पार्टी है जिसके नेता अखिलेश यादव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेता निशाना साध रहे हैं। खासकर, गृहमंत्री अमित शाह अपने भाषण में खास अंदाज में ऐसे जुमलों के जरिए अखिलेश यादव पर तंज कर रहे हैं जिसको अंग्रेजी में एक्रोनिम कहा जाता है। अमित शाह के भाषण के बाद उनके ही एक्रोनिम के जरिए अखिलेश यादव पलटवार कर रहे हैं। आइए कुछ ऐसे ही जुमलों के जरिए अमित शाह और अखिलेश यादव के चल रहे इस वर्ड वार पर नजर डालते हैं।

आजमगढ़ की रैली में JAM
अखिलेश यादव के गढ़ आजमगढ़ में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सपा के JAM का मतलब है जिन्ना, आजम खान और मुख्तार। कहा कि भाजपा के JAM का मतलब है जन धन अकाउंट, आधार कार्ड, मोबाइल फोन। उन्होंने रैली में आए लोगों से पूछा कि आप भाजपा का जैम चाहते हैं कि सपा का जैम। अमित शाह के इस हमले का जवाब अखिलेश यादव ने दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का JAM है झूठ, अहंकार और महंगाई, और इस पर उनके पास कोई जवाब नहीं है। प्रेस वार्ता कर अखिलेश ने कहा कि भाजपा को अपने जैम पर जवाब देना होगा।

'सपा राज में तीन P'
गृह मंत्री उत्तर प्रदेश में अपनी रैलियों में तीन पी की चर्चा करते हैं। उन्होंने गुरुवार को हुई अलीगढ़ की रैली में भी अपने भाषण में कहा कि समाजवादी पार्टी तीन पी के आधार पर चलती थी। परिवारवाद, पक्षपात और पलायन। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि भाजपा तीन V के आधार पर चलती है- विकास, व्यापार और विरासत। अखिलेश यादव ने इस तीन पी पर फिर भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, भाजपा के शासनकाल में तीन पी हैं, पाखंड, प्रताड़ना और प्राणघातक।

जब अमित शाह ने बताई सपा की ABCD
हरदोई में 28 दिसंबर को हुई जनसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि समाजवादी पार्टी की एबीसीडी ही उल्टी है। ए से मतलब है अपराध और आतंक, बी से मतलब है भाई-भतीजावाद, सी से मतलब है करप्शन, डी से मतलब है दंगा। भारतीय जनता पार्टी ने एबीसीडी पर पानी फेरने का काम किया है। इस पर अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि हाथरस, लखीमपुर, गोरखपुर, आगरा कांड जैसे अन्य कांडों की वजह से अब तो भाजपा के समर्थक भी भाजपा के ख़िलाफ़ खड़े होकर कह रहे हैं ABCD... मतलब : A = अब B = भाजपा C = छोड़ D = दी।

गृह मंत्री ने बताया सपा का NIZAM
अलीगढ़ की चुनावी रैली में गृह मंत्री अमित शाह ने एक और एक्रोनिम का इस्तेमाल कहा। कहा कि सपा के समय NIZAM का राज था। N से नसीमुद्दीन, I से इमरान मसूद, ZA से आजम खान और M से मुख्तार अंसारी। अमित शाह ने कहा कि मोदी जी और योगी जी की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को इस NIZAM राज से मुक्त किया है और कानून का शासन स्थापित किया है। उन्होंने रैली में आए लोगों से पूछा कि अखिलेश का निजाम चाहिए या योगी-मोदी के विकास का निजाम। इसी रैली में अमित शाह ने सपा की LAB की बात भी कही। कहा कि सपा ने यूपी में एक नई प्रकार की लैब बनाई थी। सपा की लैब का मतलब है- L से लूट, A से आतंकवाद और B से भ्रष्टाचार।

अखिलेश ने कहा- क्ष त्र ज्ञ
अलीगढ़ की रैली में अमित शाह के NIZAM और LAB वाले बयान के बाद अखिलेश यादव ने ट्वीट कर फिर पलटवार किया। इस बार उन्होंने अमित शाह के एक्रोनिम्स को बचकाना और अपरिपक्व शब्द कहा। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा- जब उप्र व देश भुखमरी, बेरोज़गारी, बेकारी, महंगाई और बदइंतज़ामी के दौर से गुजर रहा है तब भाजपा के नेता एबीसीडी व अक्षरों को जोड़कर बचकाने व अपरिपक्व शब्द बनाने में लगे हैं। इन बातों से न तो लोगों का पेट भरता है न घर चलता है। बाइस में जनता इनका क्ष त्र ज्ञ कर देगी।












Click it and Unblock the Notifications