up election result 2022: प्रियंका गांधी की रणनीति हुई फेल, राज्य में 5वें स्थान पर पहुंची कांग्रेस
नई दिल्ली, 10 मार्च: पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए सबसे बुरे साबित हुए हैं। कांग्रेस ने जहां पंजाब में अपनी सत्ता गंवा दी है। तो वहीं कांग्रेस उत्तराखंड और गोवा में भी सत्ता में वापसी करने से नाकाम रही। अगर बात उत्तर प्रदेश की करें तो यूपी में कांग्रेस खिसककर पांचवे स्थान पर पहुंच गई है। राज्य में जहां कांग्रेस सात सीटों पर जीत हासिल करने में सफल रही थी, लेकिन इस बार उसका प्रदर्शन और भी कमजोर हो गया है। मौजूदा रुझान के मुताबिक कांग्रेस सिर्फ 1 सीट पर आगे चल रही है।

मौजूदा आंकड़ों के हिसाब से कांग्रेस राज्य में पांचवे स्थान पर पहुंच गई है। इस बार राज्य में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चुनाव की कमान संभाली थी। जिसके बाद माना जा रहा था कि, वे पार्टी को राज्य में पुनर्जीवित कर सकती हैं। जिसके बाद प्रियंका ने यूपी में महिला वोटरों को लुभाने के लिए लड़की हूं लड़ सकती हूं कैंपेन शुरू किया था। माना जा रहा था कि पार्टी का इस चुनाव में जनाधार बढ़ सकता है।
लेकिन सामने आ रहे ताजा नतीजों से लग रहा है कि, कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी आप को खड़ा करने में असफल रही है। वहीं प्रियंका गांधी की रणनीति भी पार्टी को राज्य में कोई खास फायदा दिलाने में सफल नहीं हो पाई है। कई लोगों का मानना है कि अगर कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को यूपी का सीएम कैंडिडेट बना दिया होता तो नतीजे बेहतर होते। लेकिन अब तो नतीजे सामने हैं। देखना भविष्य की ओर है।
इस पूरे चुनाव प्रचार में प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की खाक छानी। 200 से ज्यादा रैलियां कर उन्होंने अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ को भी पीछे छोड़ दिया। भले ही कांग्रेस यूपी में कुछ नहीं कर पाई लेकिन प्रियंका ने कांग्रेस को पुरानी पहचान से जोड़ने की कोशिश की है। दलितों और सवर्णों को पार्टी से जोड़ने की उनकी कोशिश जमीनी धरातल पर दिखी। लखीमपुर खीरी कांड और आगरा में दलित की हत्या के बाद उनके तेवरों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने का काम किया। हालांकि इसके बाद भी वे दलित वोट पाने में असफल रहे।












Click it and Unblock the Notifications