गोवध पर योगी की पुलिस ने लागू किया अखिलेश का कानून
यूपी डीजीपी ने गोहत्या करने वालों पर एनएसए या गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने को कहा, पुलिस को दिए अहम निर्देश
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में गो तस्करी और गोहत्या पर प्रदेश के डीजीपी सुलखान सिंह ने बड़ा बयान दिया है, उन्होंने कहा कि जो इस तरह की घटनाओं में लिप्त हैं उन्हें नेशनल सेक्युरिटी एक्ट के तहत बुक किया जाएगा। इसके लिए डीजीपी सुलखान सिंह ने प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को बकायदा निर्देश जारी कर दिया है।

गोहत्या करने वालों पर लगे एनएसए
सुलखान सिंह ने आला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कहा कि हमें गो तस्करी और गो हत्या पर रोक लगाने की जरूरत है, इस अपराध के लिए आरोपियों पर एनएसए 1980 या गैंगस्टर एक्ट को लगाया जाए। सोमवार को समीक्षा बैठक में सुलखान सिंह ने यह निर्देश दिया है। आपको बता दें कि इस कानून के तहत किसी भी व्यक्ति को तीन महीने या उससे अधिक समय के लिए हिरासत में लिया जा सकता है। इस अपराध में हिरासत में लिए गए आरोपी के बारे में राज्य को केंद्र सरकार को सात दिन के भीतर बताना होगा।

कानून व्यवस्था को दुरूस्त करने पर जोर
पिछले कुछ दिनों में गो हत्या के कई मामले सामने आए है, कई कथित गो रक्षकों ने लोगों को गो हत्या के आरोप में पिटाई भी की जिसके बाद यूपी में गो हत्या और गाय के शव को गाड़ी में जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। यूपी के डीजीपी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई अहम निर्देश दिए हैं। पिछले कुछ दिनों से योगी सरकार प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर निशाने पर है।

पुलिस अधिकारियों पर सख्त डीजीपी
सुलखान सिंह ने तमाम आला पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपराधियों की जमानत याचिका को रद्द करने के लिए कदम उठाए, इसके साथ ही इन अपराधियों का एक अलग से आपराधिक रजिस्टर तैयार किया जाए। इसके साथ ही उन तमाम पुलिस अधिकारियों का तबादला करने को कहा है जो लंबे समय से एक ही जगह तैनात हैं। इसके अलावा उन पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं जिनका

कई अहम निर्देश दिए
डीजीपी ने नोएडा और गाजियाबाद की पुलिस को भी सख्त निर्देश दिए हैं कि यहां की पुलिस को दिल्ली की पुलिस से बेहतर काम करना है, इसके साथ ही प्रदेश में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था पर भी उन्होंने जोर दिया है। तमाम पुलिस कर्मियों को सही वर्दी में भी रहने का निर्देश दिया गया है। जो लोग जेल में कैदियों से मिलने आते हैं उनपर भी नजर रखी जाए, अपराधियों को जेल ले जाने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगातार बदलती रहनी चाहिए।

लोगों के साथ मित्रवत रिश्ता बनाए पुलिस
डीजीपी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर देते हुए लोगों की सहूलियत के लिए पुलिस को काम करने का निर्देश दिया है। लोगों के साथ दोस्ताना रवैया बनाने के लिए डीजीपी ने कहा कि पासपोर्ट के लिए होने वाली पुलिस जांच को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, इसके अलावा चरित्र प्रमाण के लिए भी जल्द से जल्द पुलिस अपनी रिपोर्ट दे। वहीं इस काम में देरी करने के लिए पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।












Click it and Unblock the Notifications